MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कौशलेंद्र विक्रम बने भोपाल कलेक्टर, आशीष सिंह को मिला इंदौर का कमान

भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह को इंदौर कलेक्टर बनाया गया है। उनकी जगह भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह होंगे।

Updated: Jan 05, 2024, 04:40 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में शुक्रवार को एक बार फिर से बड़ी प्रशासनिक सर्जरी हुई है। राज्य सरकार ने 7 IAS अधिकारियों को इधर से उधर शिफ्ट किया है। खास बात ये है कि भोपाल और इंदौर के कलेक्टर तक बदले गए है। भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह को इंदौर शिफ्ट कर दिया गया है। अब वे इंदौर कलेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, उनकी जगह कौशलेंद्र विक्रम सिंह भोपाल के कलेक्टर होंगे।

आशीष सिंह भोपाल से पहले पहले उज्जैन के भी कलेक्टर रह चुके हैं। महाकाल लोक घोटाले में फजीहत के बाद राज्य सरकार ने उन्हें उज्जैन से हटाया था। वहीं, 2010 बैच के आईएएस अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भोपाल का कलेक्टर बनाया गया है। इससे पहले भी उनकी नियुक्ति शिवराज सरकार में भोपाल कलेक्टर के लिए हुई थी लेकिन ज्वाइन करने से पहले ही आदेश बदल गया था। उन्हें आदि शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापना के लिए पर्यटन विकास निगम में ट्रांसफर कर दिया गया था।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में रीवा संभाग आयुक्त अनिल सुचारी को हटा दिया गया है। उनकी जगह आयुक्त चिकित्सा शिक्षा गोपाल चंद्र डाड को रीवा संभाग का आयुक्त बनाया गया है। सीएम डॉ. मोहन यादव आज रीवा में संभागीय बैठकर करने वाले है। बैठक के पहले ही रीवा संभागायुक्त को हटा दिया गया है।

इसके अलावा इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी को प्रबंध संचालक पर्यटन विकास निगम बनाया गया है। 2009 बैच के आईएएस अधिकारी श्रीकांत बनोठ को विकास आयुक्त सह संचालक, नगर और ग्राम निवेश बनाया गया है। वहीं, संजय गुप्ता को श्रम आयुक्त बनाया गया हैं। वे वर्तमान में वे सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।