मध्य प्रदेश की पहली महिला मुख्य सचिव निर्मला बुच का निधन, आयरन लेडी के रूप में थी पहचान

एमपी की पहली महिला मुख्य सचिन निर्मला बुच का निधन हो गया है। 97 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली है। निर्मला बुच के बाद मध्यप्रदेश में कोई महिला मुख्य सचिव नहीं बनी है।

Updated: Jul 09, 2023, 01:08 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की पहली महिला मुख्य सचिव निर्मला बुच का शनिवार रात निधन हो गया। 97 वर्षीय बुच लंबे समय से बीमार थी। बुच 1991 से 1993 तक प्रदेश की मुख्य सचिव रही। निर्मला बुच के बाद मध्यप्रदेश में कोई महिला मुख्य सचिव नहीं बनी हैं। वह सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक कार्यों में सक्रिय थीं।

निर्मला बुच मध्य प्रदेश की पहली और एकमात्र महिला मुख्य सचिव के दायित्व का निर्वहन किया था। वे देश की पहली महिला मुख्य सचिव भी बनी थीं। वह मध्य प्रदेश और केंद्र में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रहीं। वे अत्यंत अध्ययनशील महिला थीं, उन्हें कई भाषाओं का ज्ञान था। वे 1961 से लेकर 1993 तक मध्य प्रदेश सरकार और भारत सरकार में विभिन्न विभागों में सफलतम कार्य किया। 

महिलाओं की गरिमा की अनथक संरक्षक, सादगी और स्वच्छंदता पसंद निर्मला बुच जब देवास में कलेक्टर थी, तब पड़ोसी जिले उज्जैन के कलेक्टर एम.एन. बुच के व्यक्तित्व से इतनी प्रभावित हुईं कि दोनों परिणय सूत्र में बंध गए। उनका एक पुत्र है जो अमेरिका में रहता है। साल 2015 में पति की निधन के बाद निर्मला भोपाल में अकेले रहती थीं।

प्रशासनिक पदों पर रहते हुए निर्मला बुच ने सरकार और गैर सरकारी संगठनों को साथ मिलकर शोध, प्रबंधन और समाज को ताकत देने की लगातार वकालत की। उन्होंने विकास के जो मॉडल तैयार किए वे मील के पत्थर साबित हुए। नए भोपाल के विकास और डिजाइन तैयार करने में उनका अहम योगदान रहा। तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री बनने पर निर्मला बुच को अपना सलाहकार नियुक्त किया था। उन्होंने कई पुस्तकों का संपादन भी किया है।

निर्ला बुच को मध्य प्रदेश की आयरन लेडी के तौर पर जाना जाता था। सेवानिवृत्त होने के बाद में उन्होंने कई समाजसेवी संगठनों के साथ मिलकर काम किया और मध्य प्रदेश के कल्याण के लिए खुद ही स्वयंसेवी संगठन का निर्माण भी किया। उनके निधन पर सीएम शिवराज सिंह चौहान, पीसीसी चीफ कमलनाथ सहित तमाम दिग्गजों ने दुख जताया है।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्य सचिव एवं कर्मठ समाजसेवी श्रीमती निर्मला बुच के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे। मध्य प्रदेश के सामाजिक जीवन में श्रीमती बुच का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। विनम्र श्रद्धांजलि।'