MP: शिवपुरी में एयरफोर्स का लड़ाकू विमान क्रैश, खेत में गिरते ही लगी आग, पायलट घायल
शिवपुरी जिले के बहरेटा सानी गांव के पास एक एयरफोर्स का फाइटर प्लेन क्रैश हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत एक टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया है।

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे यह विमान खेत में गिरा। खेत में गिरते ही विमान में आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत एक टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया है। हालांकि अब तक इस हादसे की वजह पता नहीं चल पाई है। मौके से तस्वीरें भी सामने आई हैं जिसमें देखा जा सकता है कि विमान के मलबे में आग लगी हुई है।
वहीं, घटना के बाद घायल पायलट की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वो मोबाइल पर किसी से बात करते दिख रहे हैं। ग्रामीणों ने उन्हें संभाल रखा है।
बताया जा रहा है कि टू सीटर फाइटर प्लेन मिराज-2000 नियमित प्रशिक्षण उड़ान भरी थी। करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि प्लेन में दो पायलट थे। हादसे से पहले दोनों पायलटों ने खुद को इजेक्ट (बचकर निकले) कर लिया था। दोनों ही सुरक्षित हैं।