देवास में तिरंगा यात्रा पर मधुमक्खियों का हमला, 40-50 भाजपा कार्यकर्ता घायल, एक की हालत बिगड़ी

देवास के विजयागंज मंडी क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा की तिरंगा यात्रा के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। डीजे वाहन के पेड़ पर बने छत्ते से टकराने के बाद भगदड़ मची। करीब 40-50 कार्यकर्ता घायल हुए।

Updated: Aug 15, 2026, 01:44 PM IST

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के विजयागंज मंडी क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा की तिरंगा यात्रा के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। बाइक रैली में 500 से अधिक कार्यकर्ता शामिल थे। डीजे उपकरण ले जा रहा वाहन सड़क किनारे पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से टकरा गया। जिसके बाद मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। घटना में करीब 40 से 50 भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए।

भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा ने न्यूज एजेंसी भाषा को बताया कि तिरंगा यात्रा के साथ डीजे वाहन भी चल रहा था। इसी दौरान वाहन पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से टकरा गया। छत्ता टूटने के कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में मधुमक्खियां बाहर निकलीं और रैली में शामिल लोगों को डंक मारना शुरू कर दिया।

अचानक हुए हमले से यात्रा में अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए कई कार्यकर्ता आसपास के सोयाबीन के खेतों में जाकर छिप गए। स्थिति सामान्य होने के बाद उन्हें खेतों से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायलों को घटना के बाद स्थानीय अस्पतालों के साथ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय के डॉक्टर कमल किशोर ने बताया कि अस्पताल में छह लोगों को उपचार के लिए लाया गया था। इनमें एक व्यक्ति की हालत ज्यादा गंभीर थी क्योंकि उसे करीब 200 मधुमक्खियों ने डंक मारा था।

डॉक्टर के मुताबिक, घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने के कारण मधुमक्खियों के हमले के बाद कुछ समय के लिए मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।