MP: भाजपा विधायक के बड़े भाई ने अपने ही बेटे को मारी गोली, पैसों को लेकर दोनों में चल रहा था विवाद
घट्टिया विधायक सतीश मालवीय के बड़े भाई ने अपने बेटे को गोली मार कर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां घट्टिया से भाजपा विधायक सतीश मालवीय के बड़े भाई ने अपने ही बेटे की सिर में गोली मार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों में पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात पर पिता ने अपने ही पुत्र की हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि शहर से 65 किमी दूर स्थित माकड़ौन तहसील के सुचाई गांव में मंगल मालवीय की किराना दुकान है। दुकान पर उनका बेटे अरविंद बैठता था। सोमवार सुबह 9.15 बजे पिता और बेटे में पैसे को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि गुस्से में मंगल ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से बेटे अरविंद को गोली मार दी।
यह भी पढे़ं: BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के काफिले को टक्कर मारकर भागा ट्रक, 6 थानों के 8 पुलिस वाहनों को रौंदा
एक गोली सिर और दूसरी छाती पर लगने से अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्या के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत परिजन और पड़ोसी अरविंद को इलाज के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अरविंद शादीशुदा था, उसका एक बेटा है।
वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मंगल मालवीय को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने बंदूक को भी जब्त कर लिया है। एसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि विवाद किराना दुकान के पैसे को लेकर हुआ था, जिसमें मंगल ने अपने बेटे अरविंद को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। मंगल को गिरफ्तार कर लिया है। वह घट्टिया के भाजपा विधायक सतीश मालवीय चार भाई है। मंगल सबसे बड़े भाई है, लेकिन वो करीब 20 वर्षों से अलग रहते हैं।