MP Election 2023: 17 नवंबर को मध्य प्रदेश की जनता धोखेबाज भाजपा को सबक सिखाएगी: कमलनाथ

कमलनाथ ने कहा कि चुनावी मौसम में भारतीय जनता पार्टी की झूठ बोलने की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। भाजपा के नेता पूरी बेशर्मी से सार्वजनिक मंचों से कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया।

Updated: Nov 08, 2023, 03:29 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इन सब के बीच भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस सरकार की किसान कर्जमाफी योजना को लेकर झूठ भी बड़ी तेजी से फैलाया जा रहा है। स्वयं पीएम मोदी भी सार्वजनिक मंचों से कह रहे हैं कि कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। हालांकि, पीएम मोदी का यह दावा गलत है। भाजपा की सरकार भी विधानसभा में स्वीकार चुकी है कि कमलनाथ सरकार ने करीब 27 लाख किसानों के कर्ज माफ किए हैं। 

भाजपा नेताओं द्वारा फैलाए जा रहे झूठ के लेकर अब पीसीसी चीफ कमलनाथ ने पलटवार किया है। कमलनाथ ने कहा, 'चुनावी मौसम में भारतीय जनता पार्टी की झूठ बोलने की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। भाजपा के नेता पूरी बेशर्मी से सार्वजनिक मंचों से कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। लेकिन विधानसभा में कांग्रेस विधायक श्री बाला बच्चन के सवाल के जवाब में शिवराज सिंह चौहान के कृषि मंत्री कमल पटेल ने खुद स्वीकार किया है कि कांग्रेस सरकार ने करीब 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया।'

कमलनाथ ने विधानसभा में पूछे गए सवाल और कृषि मंत्री के जवाब की तस्वीर भी साझा किए हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'इस जवाब से यह भी स्पष्ट हो जाता है कि एक तरफ जहां कांग्रेस ने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया वहीं भाजपा ने सत्ता में आते ही किसानों की कर्ज माफी बंद कर दी। भाजपा और शिवराज सिंह चौहान किसानों के दुश्मन हैं। यह खुद तो किसानों की भलाई का कोई काम कर नहीं सकते और अगर कांग्रेस किसानों को कोई फायदा पहुंचाती है तो उसे बर्बाद करने में पूरी ताकत लगा देते हैं।'

यह भी पढ़ें: गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है भोपाल, भाजपा के लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश में हैं: मल्लिकार्जुन खड़गे

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'जनता को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी किसानों से जो वादे करती है, उन्हें हर कीमत पर पूरा करती है और भारतीय जनता पार्टी आज चुनाव के समय जो वादे कर रही है, उन्हें कभी नहीं निभाएगी। कांग्रेस किसानों की पार्टी है और भाजपा सौदेबाजों की पार्टी है। 17 नवंबर को मध्य प्रदेश की जनता धोखेबाज भाजपा को सबक सिखाएगी।'