गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है भोपाल, भाजपा के लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश में हैं: मल्लिकार्जुन खड़गे

शिवराज सिंह फोटो खिचाने की नौटंकी करते हैं, लेकिन वे अपने 18 साल के शासन का हिसाब जनता को नहीं देते हैं: मल्लिकार्जुन खड़गे

Updated: Nov 08, 2023, 09:30 AM IST

भोपाल। ग्वालियर में विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार शाम भोपाल पहुंचे। खड़गे ने यहां भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी आरिफ मसूद के समर्थन में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भोपाल का वातावरण गंगा-जमुनी तहजीब का वातावरण है जो, सबको मिलजुल कर रहना सिखाता है। लेकिन बीजेपी और आरएसएस के लोग इस वातावरण को खराब करते हैं। भारतीय जनता पार्टी के लोग भारत तोड़ने वाले लोगों में से हैं लेकिन कांग्रेस के लोग भारत को जोड़ने वाले लोगों में से हैं।

खड़गे ने भोपाल के 12 नंबर मल्टी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'शिवराज सिंह चौहान और नरेंद्र मोदी दोनों लोग भाषण देने में माहिर हैं, लेकिन भाषणों से केवल पेट नहीं भरता है। इनको इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि देश में कितने लोग भूखे हैं प्रदेश में कितने लोग कुपोषित हैं, महिलाओं की स्थिति क्या है, इनका ध्यान केवल इतना है कि चुनाव कैसे जीतना है।' खड़गे ने 2018 में कांग्रेस की सरकार के दौरान कमलनाथ जी द्वारा किये गये कामों को बताते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया गया, 1000 गौशालाएं बनी, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू करने का काम किया था, आदिवासी भाईयों के लिए ऋणमक्ति योजना प्रारंभ की थी, मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाया था। 

यह भी पढ़ें: जी भाईसाहब जी: वे दिमनी के दामन पर दाग पर सबूत मांग रहे, विपक्ष दे रहा चुनौती

उन्होंने आगे कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है और कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को 1500 रू. महीने सम्मान राशि, 500 रू. में गैस सिलेण्डर, युवाओं को 1500 से 3000 रू. स्कूली बच्चों को 500 से 1500 रू. महीना देने के साथ-साथ किसानों की सिंचाई के पुराने बिल माफ होंगे, सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली उपलब्ध करायेंगे, किसानों के कर्ज को माफ करेंगे और किसान आंदोलन के समय पर हुए मुकदमों को माफ करने का काम करेंगे। खड़गे ने कहा कि हमारी सरकार मध्य प्रदेश में आने के बाद बेरोजगारी खत्म करेगी और महंगाई पर लगाम लगायेगी। 

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने 2014 के चुनाव में कहा था कि हम हर साल युवाओं को 2 करोड़ रोजगार देंगे, महंगाई कम करेंगे, लेकिन यह दोनों काम नहीं किए। भाजपा के लोग सलाई की डिब्बी को अपने जेब में रखते हैं और समाज के लोगों को आपस में भड़काकर उनमें आग लगाते हैं, ये कभी लोगों को समझाने की बात नहीं करते हैं, शांति की बात नहीं करते हैं, बल्कि लोगों को भड़काते हैं, गुमराह करते हैं। लेकिन हम कांग्रेस के लोगों ने आजादी की लड़ाई लड़ी और आजादी की लड़ाई लड़ने के बाद देश के निर्माण में जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में मजबूती से काम किया, बाबा साहब डॉक्टर अंबेडकर ने हमें एक ऐसा संविधान दिया जिसमें गरीबों, दलितों और महिलाओं को अधिकार दिया है। 

खड़गे ने आगे कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने बड़े-बड़े कारखाने बनाने का काम किया। हमने मध्य प्रदेश में भी बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां लगायी, जिससे कि लाखों लोगों को नौकरियां मिली, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लोग आज उन्हीं कारखानों और कंपनियों को बेचने का काम कर रहे हैं। भाजपा की सरकार बड़े लोगों के लिए काम कर रही है और गरीबों की सुध लेने को तैयार नहीं है। आरक्षण का लाभ सभी वर्गों को ना मिले इसलिए नरेंद्र मोदी सरकार और शिवराज सरकार, सरकारी कंपनियों को बेचने का काम कर रही है, इस कारण सरकारी नौकरियां नहीं निकल रही हैं और बड़ी संख्या में लोग पलायन कर रहे हैं, जिससे प्रदेश में बेरोजगारी बड़ रही है।

सभा को कांग्रेस विधायक और मध्य विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के प्रत्याशी आरिफ मसूद ने भी संबोधित किया और क्षेत्र में कराये गये विकास कार्याें को जनता के पटल पर रखा। उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में कमलनाथ सरकार बनने पर और अधिक विकास इस क्षेत्र का होगा, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं पर पूरी तरह कार्य किया जायेगा। सड़कों की व्यवस्था पानी की व्यवस्था भी सुलभ बनायी जायेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और आम नागरिक उपस्थित थे।