U19 Asia Cup 2025: वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, एक वनडे में 14 सिक्स लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने
14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ 171 रन ठोक कर यूथ वनडे में सार्वधिक 14 छक्कों का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। उनकी पारी से भारत ने 433 रन का अपना सबसे बड़ा यूथ स्कोर खड़ा किया।
दुबई। भारत के 14 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार को दुबई में खेले गए U-19 एशिया कप मुकाबले में ऐतिहासिक कारनामा कर दिया है। इसके बदौलत उन्होंने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों से लिखवा लिया है। यूएई के खिलाफ वैभव ने महज 95 गेंदों में 171 रनों की विस्फोटक पारी खेली जिसमें 14 छक्के और 9 चौके शामिल थे। 180 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस धुआंधार पारी के साथ वैभव यूथ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसी के साथ उन्होंने साल 2008 में ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल द्वारा बनाए गए 12 छक्कों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है।
यूएई के खिलाफ मैच में वैभव ने सिर्फ 56 गेंदों में शतक पूरा किया और उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने यूथ वनडे इतिहास का सबसे बड़ा टीम स्कोर 433 रन खड़ा कर दिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ढाका के नाम था जिसने स्कॉटलैंड के खिलाफ 425 रन बनाए थे। वैभव के अलावा एरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने भी 69-69 रन की अहम पारियां खेलीं जिससे टीम का स्कोर इतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच सका।
यह भी पढ़ें:रेसलर विनेश फोगाट करेंगी कमबैक, ओलिंपिक 2028 के लिए वापस लिया संन्यास का फैसला
14 साल के इस युवा बल्लेबाज ने इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी तहलका मचाया था। वैभव टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए थे जब उन्होंने 2 दिसंबर को ईडन गार्डन्स में महाराष्ट्र के खिलाफ 61 गेंदों पर नाबाद 108 रन ठोके थे। इससे पहले वे महज 14 साल की उम्र में तीन टी-20 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी हैं।
वैभव ने कम उम्र में IPL में भी बड़ी उपलब्धि भी हासिल की है। वह IPL इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी हैं जिन्होंने अर्धशतक लगाया हो। उन्होंने ये उपलब्धि 14 साल और 32 दिन की उम्र में हासिल की थी। इससे पहले यह रिकॉर्ड रियान पराग के नाम था जिन्होंने 17 साल 175 दिन में फिफ्टी लगाई थी। वहीं, टी-20 क्रिकेट में भी वैभव सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में यह कारनामा किया था।
यह भी पढ़ें:गुजरात के वलसाड़ में नदी पर बन रहा पुल गिरा, हादसे में कई मजदूर घायल
युवा बल्लेबाज बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर से आते हैं और अब तक 8 फर्स्ट क्लास और 6 लिस्ट-A मैच खेल चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 207 रन और लिस्ट-A में 132 रन दर्ज हैं। जबकि, टी-20 में उनके 18 मुकाबलों से 701 रन हैं। कम उम्र में इतनी उपलब्धियों ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य का सुपरस्टार बना दिया है।




