MP Election 2023: सिंधिया ने ग्वालियर-चंबल के लोगों से विश्वासघात किया, दतिया में गरजीं प्रियंका गांधी

दतिया में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर प्रियंका गांधी ने साधा निशाना, कहा- गृहमंत्री का काम कानून को लागू कराना है। ये यहां के गुंडे, माफिया की सुरक्षा और संरक्षण कर रहे।

Updated: Nov 15, 2023, 02:56 PM IST

दतिया। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में महज दो दिन शेष है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को दतिया में थीं। यहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी इस दौरान पीएम मोदी, सीएम शिवराज, केंद्रीय मंत्री सिंधिया और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर हमलावर नजर आईं।

प्रियंका गांधी ने कहा, 'गृहमंत्री का काम कानून को लागू कराना है। ये यहां के गुंडे, माफिया की सुरक्षा और संरक्षण कर रहे। पता चला नरोत्तम मिश्रा दिन भर पिक्चर देखते रहते हैं। कौन-क्या पहना है, इन्हें बड़ी चिंता रहती है। लेकिन आपके पास कपड़े नहीं है, आप कुछ खरीद नहीं पा रहे हैं, आप किसानी-खेती में कमा नहीं पा रहे हैं, इसकी कोई चिंता नहीं है।'

प्रियंका गांधी ने CM शिवराज को विश्व प्रसिद्ध अभिनेता करार देते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा, 'विश्व प्रसिद्ध महान अभिनेता शिवराज सिंह चौहान उर्फ मामा जी एक्टिंग में अमिताभ बच्चन के भी कान काट लें। लेकिन, काम की बात होती है, तो असरानी का रोल पकड़ लेते हैं।'

पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी जी का पूछिए ही मत। उनका क्या कहना। देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो परमानेंट अपनी ही पीड़ा में परेशान रहते हैं। कहते हैं कि मुझे इतनी गालियां दीं। रोते रहते हैं। जैसे 'तेरे नाम' में सलमान खान रोए। PM के लिए पिक्चर बना देते हैं। नाम रखेंगे 'मेरे नाम'।

प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा, 'हमारे सिंधिया जी कद में थोड़े छोटे पड़ गए, लेकिन अहंकार में वाह भई वाह...। हम UP में काम कर रहे थे। कार्यकर्ताओं को उन्हें महाराज-महाराज कहना पड़ता था। सिंधिया ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। आपकी चुनी हुई सरकार गिरा दी। सिंधिया ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। इन्होंने ग्वालियर - चंबल के लोगों से विश्वासघात किया। आपकी चुनी हुई सरकार को गिराकर आपको धोखा दिया है। आपकी पीठ में छुरा घोंपा। PM मोदी ने दुनियाभर के कायरों और गद्दारों को इकट्‌ठा कर अपनी पार्टी में ले लिया।'

लाड़ली बहना योजना को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि, 'इसकी घोषणा दो महीने पहले क्यों की गई? BJP घोषणाएं ये समझकर करती है कि हम जनता को बेवकूफ बना सकते हैं। साढ़े तीन साल में 21 रोजगार ही दिए। रोजगार देंगे भी कहां से? मोदी जी ने सारी बड़ी कंपनियां अपने उद्योगपति मित्रों को दे दीं। धर्म के नाम पर जो वोट लेने आता है, उसके मन में बैठ गया है कि मैं जनता के लिए एक काम नहीं करूं, लेकिन मुझे धड़ाधड़ धर्म और जाति के नाम पर वोट मिल जाएंगे। आप बच्चों को सुधारते हो, नेताओं को क्यों नहीं सुधार रहे। उनकी आदत खराब मत करो।'

MP की जनता से प्रियंका की गारंटी

* महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए
* 500 रुपए में गैस सिलेंडर
* 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट बिजली हाफ
* पुरानी पेंशन लागू होगी
*  हर महीने 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता
* किसानों का कर्ज माफ होगा
* MSP की गारंटी: गेंहू के लिए 2600 रुपए
* पिछड़ों को 27% आरक्षण
* जाति आधारित जनगणना कराएंगे
* प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100% छूट 
* परिवार समेत 25 लाख तक का मुफ्त बीमा
* 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा
* सिंचाई के लिए 5 हार्स पॉवर बिजली मुफ्त 
* पढ़ो-पढ़ाओ योजना: कक्षा 1 से 12 तक मुफ्त शिक्षा, कक्षा 1-8 तक हर महीने 500 रुपए, कक्षा 9-10 तक 1000 रुपए, कक्षा 11-12 तक 1500 रुपए की छात्रवृत्ति