MP: सीधी में हाथियों ने मकान तोड़ वृद्ध दंपत्ति को कुचला, दोनों की मौके पर मौत
सीधी जिले के चिनगी गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने रात में एक कच्चे मकान पर हमला कर वृद्ध दंपती भैयालाल यादव और तिलिया यादव की जान ले ली।
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्राम पंचायत गाजर अंतर्गत चिनगी गांव में जंगली हाथियों के हमले से एक वृद्ध दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हाथियों का झुंड गांव में पहुंचा और एक कच्चे मकान को निशाना बनाया। मकान में सो रहे भैयालाल यादव (60) और उनकी पत्नी तिलिया यादव (58) पर हाथियों ने हमला कर दिया। मकान को क्षतिग्रस्त करते हुए हाथियों ने दोनों को कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए शवों को उठाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा प्रशासनिक उदासीनता का नतीजा है। ऐसा इसलिए क्योंकि लंबे समय से क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बावजूद प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, वन क्षेत्र में बसे कई परिवारों को पहले ही विस्थापित किया जा चुका है लेकिन भैयालाल यादव के परिवार समेत करीब 40 लोग अब भी पुनर्वास योजना के लाभ से वंचित हैं। उनका आरोप है कि गांव पूरी तरह खाली नहीं कराया गया। जिसके कारण कई परिवार आज भी हाथियों के खतरे वाले इलाके में रहने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्थापन की मांग को लेकर प्रशासन और एसडीएम कार्यालय में कई बार आवेदन दिए गए थे लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पर्याप्त मुआवजा नहीं मिलने की वजह से कुछ परिवारों ने विस्थापन स्वीकार नहीं किया। जानकारी के मुताबिक, पहले पुनर्वास पैकेज के तहत प्रति व्यक्ति 10 लाख रुपए दिए जाते थे। इसे करीब एक साल पहले बढ़ाकर 15 लाख रुपए कर दिया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें गांव पहुंच गईं। हालांकि, ग्रामीणों का विरोध जारी है और वे विस्थापन नीति तथा मुआवजे को लेकर प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं। एसडीएम शैलेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके के लिए रवाना हो गए थे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




