MP में मानसून की बेरुखी से सूखे जैसे हालात, भोपाल में 7 तो उज्जैन में 14 फीसदी कम बारिश

मध्य प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने से बारिश का संकट गहराता जा रहा है। 5 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य से 19 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। कम वर्षा का असर धान, सोयाबीन और मक्का की फसलों पर दिखने लगा है।

Updated: Aug 06, 2026, 01:34 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस बार मानसून की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 19 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। बारिश की कमी का सबसे ज्यादा असर धान, सोयाबीन और मक्का जैसी खरीफ फसलों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। 

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो उत्पादन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में प्रदेश भर के किसान अब मानसून के अगले दौर का इंतजार कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में 5 अगस्त तक कुल 16.27 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह आंकड़ा सामान्य औसत से काफी कम है। प्रदेश में बारिश का अंतर लगातार बढ़ रहा है, जिससे मौसम विभाग और कृषि विभाग दोनों की चिंता बढ़ गई है। यदि वर्षा की कमी और बढ़ती है, तो प्रदेश की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

प्रदेश के कई जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है. इंदौर की बात करें तो यहां अब तक केवल 15.44 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 5.06 इंच कम है। इसी तरह कई अन्य जिलों में भी पर्याप्त वर्षा नहीं होने से खेतों में नमी की कमी महसूस की जा रही है। राज्य के पांच बड़े शहरों की बात करें तो सिर्फ ग्वालियर में ही औसत से 7% ज्यादा बारिश हुई है जबकि भोपाल में औसत से 7%, इंदौर में 2%, उज्जैन में 14% और जबलपुर में 29% कम बारिश हुई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान 20 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। सीधी में सबसे ज्यादा 3 इंच पानी गिर गया। ग्वालियर में 2.3 इंच, दतिया में 2 इंच, रीवा में 1.8 इंच, सतना में 1.2 इंच, शिवपुरी में 1 इंच बारिश हुई। मैहर, शाजापुर, पन्ना, श्योपुर, बालाघाट, टीकमगढ़, छतरपुर, नर्मदापुरम, धार, भोपाल, इंदौर, मंडला में भी बारिश हुई।

IMD के अनुसार अगले 3 दिन प्रदेश के उत्तरी हिस्से के कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। यदि सिस्टम स्ट्रॉन्ग रहा और तेज बारिश का दौर लगातार चला तो बारिश के आंकड़े में सुधार आने की उम्मीद है। गुरुवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और दमोह में भारी बारिश का अलर्ट है।