MPPSC Result 2025: श्योपुर के देवांशु शिवहरे बने टॉपर, लड़कियों में इंदौर की हर्षिता अव्वल
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग का फाइनल रिजल्ट शुक्रवार को जारी हो चुका है। मध्य प्रदेश लोक सेवा परीक्षा में कुल 110 उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की। इनमें श्योपुर जिले के विजयपुर के 24 वर्षीय देवांशु ने शीर्ष स्थान हासिल किया।

भोपाल। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग का फाइनल रिजल्ट शुक्रवार को जारी हो चुका है। मध्य प्रदेश लोक सेवा परीक्षा में कुल 110 उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की। इनमें श्योपुर जिले के विजयपुर के 24 वर्षीय देवांशु ने शीर्ष स्थान हासिल किया। एमपीपीएससी के इस परीक्षा में 13 पद डिप्टी कलेक्टर के थे। जिनमें टॉप 13 में से 5 महिलाएं हैं। वहीं, टॉप 5 में भी एक बेटी ने अपनी जगह बनाई है।
MPPSC 2024 की परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले 24 वर्षीय देवांशु शिवहरे श्योपुर जिले के विजयपुर के रहने वाले हैं। उन्हेंने कुल 953 अंक प्राप्त कर डिप्टी कलेक्टर का पद हासिल किया है। इससे पहले साल 2022 में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमपीपीएससी परिक्षा में चौथा स्थान हासिल किया था।
सूची में दूसरे स्थान पर सागर जिले के ऋषभ अवस्थी हैं। उन्होंने 945.50 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और डिप्टी कलेक्टर पद हासिल किया है। अवस्थी सागर से लगभग 65 किलोमीटर दूर स्थित देवरी के मूल निवासी हैं। सागर से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद, उन्होंने इंदौर के जीएससीसी से बीए और एमए किया। उन्होंने 2020 में कोविड लॉकडाउन के दौरान देवरी से पीएससी की तैयारी शुरू की थी। यह परीक्षा में उनका पहला प्रयास था, और उन्होंने इसमें सफलता प्राप्त की।
एमपीपीएसी 2024 के टॉप-5 में एक बेटी ने भी जगह बनाई है। अपने लगन और मेहनत से इस परिक्षा में पांचवां और फिमेल कैटेगरी में टॉप करने वाली हर्षिता दवे इंदौर की रहने वाली हैं। 22 साल की हर्षिता ने बीए और एमए किया है। महिला अनारक्षित श्रेणी में टॉप करने वाली हर्षिता को 893.75 अंक प्राप्त हुए हैं। उनके परिवार ने बताया कि हर्षिता हर दिन 12 से 14 घंटे पढ़ाई करती थी।