गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के क्षेत्र में दो बहनों का रेप, पीड़िता ने किया आत्महत्या का प्रयास

घटना में शामिल चार आरोपियों में से एक आरोपी का पिता उनाव के बीजेपी मंडल अध्यक्ष है। 

Updated: Jul 15, 2023, 06:21 PM IST

सांकेतिक- तस्वीर
सांकेतिक- तस्वीर

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले से दो सगी बहनों के साथ रेप का मामला सामने आया है। यहां चार बदमाशों ने राह चलती दो बहनों को उठा ले गए दोनों के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया घटना से आहत बड़ी बहन ने घर पहुंचकर फांसी लगा ली। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

जानकारी के मुताबिक घटना दतिया के उनाव थाना क्षेत्र की है। दोनों बहनें शुक्रवार दोपहर 2 बजे स्कूल से घर लौट रही थीं। रास्ते में आरोपी मिले और उन्हें जबरन गांव के ही निवासी रामकिशोर यादव के घर ले गए, और बड़ी बहन से चारों ने दुष्कर्म किया। और छोटी बहन के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। 

घर पहुंचने के बाद जब रेप पीड़िता ने सुसाइड का प्रयास किया तो छोटी बहन ने परिवार को पूरी बात बताई। समय रहते परिजन ने देख लिया और उसे झांसी के निजी अस्पताल ले गए। उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है।

परिजनो ने जब थाने जाकर शिकायत की तो पुलिस ने मामले पर ढिला रवैया दिखाया, परिजनो और गांव वालों ने आक्रोश में आकर थाने का घेराव कर दिया इसके बाद पुलिस ने ;चारों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें, एक आरोपी के पिता उनाव के बीजेपी मंडल अध्यक्ष है।

दतिया एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि भांडेर SDOP और महिला इंस्पेक्टर को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। अस्पताल में भर्ती छात्रा की भी निगरानी की जा रही है।