शहडोल: पेपर मिल में पाइप लाइन फटने से 1 कर्मचारी की मौत, 12 से अधिक लोग घायल

ओरिएंट पेपर मिल के पल्प मशीन की पाइप लाइन फटने से यह हादसा हुआ है। ओरिएंट पेपर मिल देश के बड़े औद्योगिक घराने बिरला ग्रुप के स्वामित्व वाली कंपनी है।

Publish: Aug 09, 2023, 07:06 PM IST

Image courtesy- Twitter
Image courtesy- Twitter

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां शहर से 35 किलोमीटर दूर अमलाई स्थित ओरिएंट पेपर मिल के पल्प मशीन में पाइप लाइन फटने से 1 मजदूर की मौत हो गई है। मिल में काम कर रहे 12 से अधिक कर्मचारी हादसे में घायल हो गए हैं। जिसमें से 3 की हालत गंभीर है। पल्प में अन्य कर्मचारियों के दबे होने की भी आशंका है। मौके पर मौजूद रैस्क्यू टीम द्वारा रैस्क्यू का काम जारी है।

बताया जा रहा है कि 25 दिनों से मिल में सालाना मेंटेनेंस का काम चल रहा था। बुधवार सुबह तकरीबन 10:30 बजे रोज़ाना की तरह मिल में काम जारी था, तभी पल्प मिल के हिस्से से जोरदार धमाके की आवाज़ आयी। धमाके के साथ ही वहां अफरा तफ़री मच गई। हादसे की सूचना शहर में आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही रैस्क्यू टीम और अमलाई थाने की पुलिस का दस्ता मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य में जुट गया। 

वहां काम करने वाले मजदूरों में शीर्ष प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश है उन्होंने बताया की समय पर मेंटेनेंस नहीं होने से दुर्घटना हुई है। यहां पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। श्रमिकों ने मांग की है कि हादसे के आरोपितों पर एफआइआर दर्ज हो और मृतक के परिवार और घायलों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। वहीं मौके पर मौजूद एसडीएम प्रगति वर्मा और एएसपी मुकेश वैश्य ने हंगामे को शांत कराया। ओरिएंट मिल के प्रबंधन अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को मिल में रोजगार देने की बात कही गई।
 
अधिकारियों का कहना है कि घायलों की हालत स्थिर है। परिजनों को तत्काल दो लाख रुपये की राहत राशि प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा अधिकारियों ने कहा है कि इस हादसे के पीछे जो भी जिम्मेदार होंगे, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों ने 20 लाख रुपए मुआवजे की मांग की लेकिन मिल प्रबंधन उनसे समझौते का प्रयास करता रहा और केवल 15 लाख 65 हजार की राशि ही देने की बात कर रहे हैं। एवं परिवार के एक सदस्य को भी केवल अस्थाई नौकरी की ही बात की है।

बता दें ओरिएंट पेपर मिल देश के प्रमुख औद्योगिक घराने बिरला समूह के स्वामित्व वाली कंपनी है। 1965 में इसकी स्थापना की गई थी।ओरिएंट मिल एशिया के सबसे बड़े कागज उत्पादक मिलों में से एक है। भारत में सबसे ज्यादा पेपर इसी मिल से उत्पादित होता है।