मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार का जाना तय, एक और ओपिनियन पोल में कांग्रेस की वापसी के संकेत
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एक और ओपिनियन पोल ने उड़ाई भाजपा नेताओं की नींद, लोक पोल के सर्वे के मुताबिक प्रदेश में पूर्ण बहुमत से बनेगी कांग्रेस सरकार।

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव का काउंडाउन शुरू हो गया है। एक तरफ बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता वापसी की तैयारियों में जोर शोर से जुटी है। चुनाव को लेकर हो रहे तमाम ओपिनियन पोल्स में भाजपा पिछड़ती नजर आ रही है। इसी बीच अब एक और ओपिनियन पोल सामने आया है जिसके मुताबिक मध्य प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।
देशभर के राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावों पर बारीक नजर रखने वाले लोकपोल ने यह ओपिनियन पोल जारी किया है। इसमें बताया गया है कि 230 सीट वाले विधानसभा में कांग्रेस को 120 से 132 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बीजेपी 99 से 110 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। सर्वे में बीएसपी के खाते में के खाते में 0 से 2 और अन्य के खाते में 0 से 4 सीटें जाती दिख रही है। सर्वे की फाइंडिंग्स में बताया गया है कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर शिवराज सरकार कर खिलाफ जनता में भयंकर गुस्सा है।
After a detailed ground zero survey from September 1st to 8th October, We present you our current numbers for the poll bound #MadhyaPradesh
— Lok Poll (@LokPoll) October 13, 2023
BJP 98 - 110
INC 120 - 132
BSP 0 - 2
Others 0 - 4
Sample size: 1,70,000#AssemblyElections2023… pic.twitter.com/x1t3PA7L6Q
लोक पोल द्वारा यह सर्वे 1 सितंबर से 8 अक्टूबर के बीच कराई गई है। इसमें प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र से कम से कम 750 सैंपल लिए गए हैं। कुल 1 लाख 70 हजार मतदाताओं से राय लेने के बाद कंपनी इस नतीजे तक पहुंची है। अगर वोट शेयर की बात करें तो सर्वे के मुताबिक इस बार मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 44 से 46 फीसदी और बीजेपी को भी 43 से 45 फीसदी वोट शेयर होने का अनुमान है। वहीं, बीएसपी के खाते में 2 से 4 फीसदी और अन्य के खाते में 6 से 8 फीसदी वोट आता दिख रहा है।
सर्वे रिपोर्ट में संभागीय स्तर पर भी जनता का मूड भी बताया गया है। इसके मुताबिक ग्वालियर चंबल संभाग में कांग्रेस 25 से 29 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। जबकि भाजपा यहां 5 से 9 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। इसी तरह बुंदेलखंड क्षेत्र में कांग्रेस 13 से 16 जबकि भाजपा 10 से 13 सीट दर्ज कर सकती है। विंध्य में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। यहां कांग्रेस के खाते में 17 से 19 जबकि भाजपा के खाते में 8 से 11 सीट जाने का अनुमान है।
इसी तरह महाकौशल में कांग्रेस 23 से 26 जबकि भाजपा 16 से 19 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक नर्मदांचल में बीजेपी को बढ़त मिल सकती है। यहां भाजपा के खाते में 24 से 27 जबकि कांग्रेस के खाते में 5 से 8 सीटें जा सकती है। वहीं, मालवा-निमाड़ अंचल में बीजेपी 30 से 35 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है जबकि कांग्रेस के खाते में 33 से 38 सीटें जाने की उम्मीद है। बता दें कि इसी साल हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी ‘लोक पोल’ का सर्वे सबसे सटीक था। कंपनी ने कांग्रेस के खाते में 129 सीट आने के संकेत दिए थे। यहां नतीजे कमोबेश ऐसे ही आए और कांग्रेस पार्टी 136 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाने में कामयाब रही थी।
मध्य प्रदेश को लेकर अधिकांश सर्वे रिपोर्ट्स में कांग्रेस की जीत की संभावना जताई जा रही है। हाल ही में टाइम्स नाउ से लेकर एबीपी और सी वोटर के ओपिनियल पोल्स आए थे जिनमें कांग्रेस सरकार बनने की संभावना जताई गई थी। मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर पिछले कुछ महीनों में 11 विभिन्न ओपिनियन पोल्स आए हैं। इनमें 9 पोल्स ऐसे हैं जिनमें कांग्रेस की जीत की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। वहीं तीन दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। संभावित हार से घबराकर बीजेपी ने इस बार चुनाव में दिग्गजों की फौज उतार दी है। राज्य में तीन केंद्रीय मंत्री समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। बावजूद सत्ताधारी दल की स्थिति ठीक नहीं है। उधर, कांग्रेस पार्टी 150 सीटें जीतने का दावा कर रही है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी द्वारा अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे कराए गए हैं। इसमें यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 150 से अधिक सीटें जीत सकती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि प्रदेश में कांग्रेस 150 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है।