कटनी में भाजपा नेता के हत्यारोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस फायरिंग में हाथ और पैर में लगी गोली

कटनी जिले के कैमोर में भाजपा नेता नीलेश रजक की हत्या के दो आरोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें जबलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated: Oct 29, 2025, 01:26 PM IST

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में भाजपा नेता की हत्या मामले में बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फायरिंग में आरोपियों के हाथ और पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जबलपुर के निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

एएसपी डॉ. संतोष डहेरिया ने बताया कि कैमोर हत्याकांड के आरोपी अकरम खान और प्रिंस जोसेफ के कजरवारा में होने सूचना मिली थी। इसके बाद रात करीब 2 बजे पुलिस ने घेराबंदी की। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से चार राउंड फायर किए गए। आरोपियों के पैर और हाथ में गोली लगी है।

दरअसल, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कैमोर में भाजपा के पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष नीलेश रजक को बाइक सवार दो लोगों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के पास गोली मार दी थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने कैमोर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौबे और प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल को लाइन अटैच कर दिया था।

भाजपा नेता की हत्या के बाद परिजनों ने चक्काजाम किया था। उन्होंने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया था। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। आरोपियों को जल्द पकड़ने और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद 7 घंटे बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। रात में ही शव का पोस्टमॉर्टम किया गया।

घटना के बाद आरोपी प्रिंस के पिता नेल्सन जोसेफ ने आत्महत्या कर ली थी। नेल्सन के भतीजे ने बताया कि चाचा सुबह करीब 11:30 बजे घर आए। सबसे नॉर्मल बातचीत की और उसके बाद अंदर जाकर गेट लगा लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर परिजनों ने जाली से देखा तो वे फांसी लगा चुके थे। घटना के समय मैं प्लांट में ड्यूटी पर था।