सोनम वांगचुक के साथ हो रहा दुर्व्यवहार निंदनीय, केंद्र सरकार पर बरसे दिग्विजय सिंह

सोनम वांगचुक एक अद्भुत व्यक्ति हैं और कई प्रतिभाओं से संपन्न हैं। वह एक शिक्षाविद, पर्यावरणविद, कार्यकर्ता और गांधीवादी हैं। उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, वह पूरी तरह निंदनीय है: दिग्विजय सिंह

Updated: Sep 30, 2025, 04:44 PM IST

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने लद्दाख में 24 सितंबर को हुई हिंसा के बाद सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी की आलोचना की है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनम वांगचुक के साथ किया जा रहा दुर्व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार के रवैए पर सवाल खड़े किए हैं।

मंगलवार को भोपाल में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता सिंह ने कहा, 'मैं सोनम वांगचुक को लंबे समय से जानता हूं। हाल ही में संसद की स्थायी समिति की यात्रा के दौरान हमने वांगचुक के संस्थानों का दौरा किया। वह एक अद्भुत व्यक्ति हैं और कई प्रतिभाओं से संपन्न हैं। वह एक शिक्षाविद, पर्यावरणविद, कार्यकर्ता और गांधीवादी हैं। उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, वह पूरी तरह निंदनीय है।'

सोनम वांगचुक को लेह हिंसा के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल राजस्थान के जोधपुर की जेल में बंद हैं। वांगचुक लंबे समय से लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश से पूर्ण राज्य का दर्जा देने और इसे संविधान की छठी अनुसूची के तहत जनजातीय सुरक्षा प्रदान करने की मांग कर रहे थे। 

इससे पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने एक एक्स पोस्ट में लिखा था कि सोनम वांगचुक जी के खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दर्ज करना बेहद आपत्तिजनक है। हम इसकी निंदा करते हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी सोनम वांगचुक जी के साथ खड़ी है।