इंदौर में फिर सजी फूटी कोठी की सब्जी मंडी, विक्रेताओं के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी लगाई दुकानें
इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर नगर निगम की कार्रवाई के बावजूद सब्जी विक्रेताओं ने दोबारा मंडी लगा दी। कांग्रेस समर्थन में उतरी।
इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी हटाने का विवाद अब नगर निगम और विक्रेताओं के बीच आमने सामने की स्थिति तक पहुंच गया है। मंगलवार सुबह नगर निगम की चेतावनी के बावजूद सब्जी और फल विक्रेताओं ने चौराहे के पास फिर से कारोबार शुरू कर दिया। विक्रेताओं ने टाट पट्टी बिछाकर दुकानें लगाईं और साफ कर दिया कि वे ब्रिज के नीचे अपनी पुरानी जगह पर ही मंडी चलाना चाहते हैं। इस विरोध को कांग्रेस का भी समर्थन मिल रहा है।
नगर निगम ने मंगलवार सुबह वाहन के जरिए मुनादी कराई। इसमें विक्रेताओं को स्पष्ट किया गया कि वे निगम द्वारा निर्धारित वैकल्पिक स्थान पर ही दुकानें लगाएं। हालांकि, विक्रेता दूसरी जगह जाने को तैयार नहीं हैं। उनका तर्क है कि लंबे समय से इसी स्थान पर कारोबार करने के कारण उनकी रोजी रोटी इससे जुड़ी हुई है। जगह बदलने से ग्राहकों की संख्या और कमाई दोनों प्रभावित हो सकती हैं।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भी विक्रेताओं के समर्थन में मंडी दोबारा शुरू कराने का ऐलान किया था। उनका कहना है कि नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान ठेले और दुकानें जब्त कर ली हैं लेकिन इससे विक्रेताओं का कारोबार बंद नहीं होगा। वे टाट पट्टी बिछाकर सब्जियां और फल बेचेंगे। कांग्रेस इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। सोमवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, कांग्रेस पार्षदों, कार्यकर्ताओं और प्रभावित विक्रेताओं ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर घेराव किया था। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए कलेक्टर और संभागायुक्त से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की थी।
कांग्रेस नेताओं ने महापौर और नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि मंडी हटाए जाने से लगभग 450 परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। इससे पहले रविवार को भी कांग्रेस नेताओं ने विक्रेताओं के समर्थन में प्रदर्शन किया था।
फूटी कोठी चौराहे के पास लंबे समय से लग रही सब्जी मंडी को नगर निगम की रिमूवल टीम ने शनिवार को हटा दिया था। कार्रवाई के दौरान वहां कारोबार करने वाले विक्रेताओं के ठेले और दुकानें जब्त कर लिए गए थे। इसके बाद से ही प्रभावित दुकानदार विरोध कर रहे हैं। शनिवार को नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने भी निगम की कार्रवाई का विरोध किया था लेकिन इसके बावजूद टीम ने मंडी खाली करा दी थी।
विक्रेताओं का कहना है कि वे कई सालों से फूटी कोठी चौराहे के पास दुकानें लगा रहे हैं। उनका दावा है कि ब्रिज के निर्माण के समय महापौर की ओर से आश्वासन दिया गया था कि निर्माण पूरा होने के बाद ब्रिज के नीचे ही मंडी संचालित करने की अनुमति मिलेगी। अब निगम की ओर से दूसरी जगह दुकानें लगाने को कहा जा रहा है जिसे वे स्वीकार नहीं कर रहे हैं।
इस बीच विक्रेताओं के समर्थन में समाजसेवी प्रहलाद पांडेय भी अनशन पर बैठे हैं। मंगलवार को विक्रेताओं के फिर से पुरानी जगह पर दुकानें लगाने के बाद स्थिति और तनावपूर्ण होने की आशंका है। अब निगाहें नगर निगम प्रशासन के अगले कदम पर हैं।




