गन्ने का भाव 600 रुपए क्विंटल करने की मांग, किसानों ने भोपाल में डाला डेरा

गन्ना भाव 600 रुपए क्विंटल और 50 रुपए बोनस की मांग को लेकर नरसिंहपुर के किसान भोपाल के वीर सावरकर सेतु सर्विस रोड पर डटे हैं। मंगलवार दोपहर 2 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। मांग न मानने पर CM निवास कूच की चेतावनी दी है।

Updated: Nov 24, 2026, 01:16 PM IST

भोपाल। गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल करने और 50 रुपए बोनस देने की मांग को लेकर नरसिंहपुर के गन्ना उत्पादक किसानों ने भोपाल में आंदोलन शुरू कर दिया है। किसान होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर डटे हुए हैं। रात किसानों ने खुले आसमान के नीचे गुजारी थी। उन्होंने सरकार को मंगलवार दोपहर 2 बजे तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है। ऐसा नहीं होने पर मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने की चेतावनी दी है।

किसान नेता प्रतीक शर्मा के मुताबिक, फिलहाल गन्ने का भाव 400 रुपए प्रति क्विंटल है। किसान इसे बढ़ाकर 600 रुपए करने के साथ 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस चाहते हैं। उनका कहना है कि सरकार की ओर से 450 रुपए प्रति क्विंटल देने की बात कही जा रही है लेकिन खेती की लागत को देखते हुए यह राशि पर्याप्त नहीं है।

यह भी पढ़ें:इंदौर में फिर सजी फूटी कोठी की सब्जी मंडी, विक्रेताओं के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी लगाई दुकानें

मांगों पर सहमति बनाने के लिए सोमवार को पांच किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव से मुलाकात की थी। हालांकि, बातचीत में कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद किसानों ने सरकार को मंगलवार दोपहर 2 बजे तक फैसला लेने का समय दिया है।

प्रतीक शर्मा ने बताया कि नरसिंहपुर से किसानों के भोपाल पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा। मंगलवार को ट्रेन और निजी वाहनों के जरिए बड़ी संख्या में किसान आंदोलन में शामिल होने पहुंचेंगे। तय समय तक मांगों पर निर्णय नहीं होने की स्थिति में किसान मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ेंगे।

आंदोलन के चलते होशंगाबाद रोड पर यातायात प्रभावित न हो इसके लिए पुलिस ने वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड को दोनों तरफ से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया है। पुल की शुरुआत में बैरिकेड्स लगाए गए हैं। जबकि, गणेश मंदिर के पास भी बैरिकेडिंग करने की तैयारी है। रातभर प्रदर्शन स्थल पर दो डीएसपी, चार इंस्पेक्टर और करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात रहे थे। मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 150 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने की तैयारी है।

यह भी पढ़ें:इंदौर में सब्जी मंडी हटाने के विरोध में सब्जी विक्रेताओं का प्रदर्शन, नगर निगम मुख्यालय घेरा

किसानों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मौके पर टेंट लगाया है लेकिन किसान नेता राकेश धाकड़ के मुताबिक, प्रदर्शन कर रहे किसानों को रात खुले आसमान के नीचे ही बितानी पड़ी थी। उन्होंने आपसी व्यवस्था से खाने पीने का इंतजाम किया था। फिलहाल किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।