भोपाल के VVIP इलाकों में भी चोरों की एंट्री, सीनियर IAS अफसर के शासकीय आवास में घुसा शातिर

यह घटना मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुपम राजन के घर में हुई, जहां देर रात चोर घुस गया।

Updated: Jan 23, 2025, 06:02 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चोरों के हौसले बुलंद हैं। राजधानी के वीवीआईपी इलाके भी चोरों से सुरक्षित नहीं हैं। मंगलवार देर रात एक चोर राज्य के सीनियर आईएएस अफसर के शासकीय आवास में घुस गया। हालांकि वह चोरी की वारदात में कामयाब तो नहीं हो सका। लेकिन घटना सामने आने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

यह घटना मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुपम राजन के घर में हुई, जहां देर रात चोर घुस गया। तभी घर पर मौजूद लोगों ने उसे देखकर शोर मचा दिया। लोगों को जगा देख उसके मंसूबे पर पानी फिर गया। वीवीआईपी इलाके में जिस तरह से ये घटना हुई है, उसने भोपाल में सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: ग्वालियर: पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर युवक से ठगी, 20 लाख 91 हजार का लगा चुना

अतिरिक्त मुख्य सचिव के चार इमली स्थित सरकारी आवास में चोर देर रात लगभग 2:30 बजे घुसा था। चोर के घुसने की आहट मिलते ही घर में मौजूद सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं, लोगों की आहट सुनकर चोर घर की चारदीवारी कूदकर फरार हो गया।

अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुपम राजन ने पुलिस को लिखित में सूचना दी है। हबीबगंज थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने में जुटी हुई है।

हबीबगंज थाने के प्रभारी अजय सिंह सोनी ने बताया कि एसीएस अनुपम राजन चार इमली में स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। बीते दिनों परिवार के साथ बाहर गए थे। बंगले में एक गनमैन और एक रिश्तेदार थे। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को उनके घर में अज्ञात युवक घुस गया था। जिसने खिड़की से एक बैडरूम में तांक-झांक की। आहट होने पर रिश्तेदार ने आवाज लगाई तो आरोपी भाग निकला। सूचना मिलने के बाद में घटना स्थल का निरीक्षण किया। गेट से फिंगर प्रिंट सैंपल भी लिए हैं।