MP: शाजापुर में जूता चुराई के नेग को लेकर विवाद, बगैर दुल्हन को लिए वापस लौटी बारात
शाजापुर में शादी के बाद विदाई के समय हुए विवाद में दुल्हन पक्ष ने विदाई से इनकार कर दिया। एक पक्ष ने 100 साड़ी-कपड़ों व मारपीट का आरोप लगाया। जबकि, दूल्हा पक्ष ने 25 हजार जूता चुराई नेग को वजह बताया।
शाजापुर। मध्यप्रदेश के शाजापुर में शादी के बाद विदाई को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दुल्हन के परिजन ने विदाई कराने से इनकार कर दिया। उज्जैन निवासी दूल्हा अनुराग यादव शनिवार को भी अपने परिवार के साथ शाजापुर में रुका रहा। वहीं, दुल्हन के चाचा और भाजपा पार्षद सुनील पेंटर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दूल्हा पक्ष के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज और धमकी देने का केस दर्ज किया है।
अनुराग यादव (23) और शाजापुर की योगिता का रिश्ता करीब 7-8 महीने पहले तय हुआ था। शुक्रवार 20 नवंबर को गैस गोडाउन रोड पर दोनों की शादी हुई थी। सभी रस्में पूरी होने के बाद शाम करीब 5 से 5:30 बजे विदाई के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दुल्हन की विदाई रुक गई।
यह भी पढ़ें:अब बौनापन भी दिव्यांगता की श्रेणी में शामिल, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला
दुल्हन के चाचा सुनील पेंटर का आरोप है कि दूल्हा पक्ष शादी से पहले से ही 100 साड़ी और 100 जोड़ी कपड़ों की मांग कर रहा था। व्यवस्था नहीं कर पाने पर इसके बदले नकद रकम मांगी जाने लगी। उनका कहना है कि दुल्हन के पिता छोटी सी चाय की गुमटी चलाते हैं और इतनी महंगी व्यवस्था करने में सक्षम नहीं हैं। इसी बात पर दूल्हा पक्ष ने गाली गलौज और मारपीट की।
दूल्हा पक्ष ने इन आरोपों को गलत बताते हुए विवाद की अलग वजह बताई है। उनका कहना है कि जूता चुराई की रस्म के दौरान दुल्हन के चचेरे भाई ने 25 हजार रुपए नेग मांगा था। अनुराग ने पहले 500 और फिर 1100 रुपए देने की बात कही लेकिन दुल्हन पक्ष इसके लिए तैयार नहीं हुआ। इसी बात पर विवाद हुआ और विदाई रोक दी गई।
दूल्हा पक्ष का कहना है कि शनिवार को उज्जैन में रिसेप्शन रखा गया था। जिसमें करीब 1000 से 1500 मेहमानों के खाने की व्यवस्था की गई है। वे दुल्हन को साथ ले जाने के लिए तैयार हैं लेकिन उसके परिजन विदाई नहीं कर रहे। उनका यह भी आरोप है कि कोतवाली थाने में शिकायत देने के बावजूद उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
यह भी पढ़ें:MP: 4,000 हजार कोरोना वॉरियर्स की बहाली की मांग, नेता प्रतिपक्ष ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र
कोतवाली थाना प्रभारी नवीन बिलवालिया के मुताबिक, सुनील पेंटर की शिकायत पर दूल्हा पक्ष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शनिवार को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद का समाधान नहीं हो सका और दुल्हन की विदाई अटकी रही।




