पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के घर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज, बच्चों की शादी का दिया आमंत्रण
पत्नी साधना सिंह संग राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के घर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बेटे कुणाल और कार्तिकेय की विवाह का दिया आमंत्रण।
भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मुलाकात की है। पूर्व सीएम शिवराज शनिवार दोपहर अचानक दिग्विजय सिंह के आवास पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी साधना सिंह भी मौजूद थे। दिग्विजय सिंह से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि मैं यहां शादी का कार्ड देने आया।
दरअसल, इस साल केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के दोनों बच्चों की शादी होने वाली है। इसी संबंध में शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह के साथ दिग्विजय सिंह के आवास पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनकी पत्नी अमृता राय को व्यक्तिगत रूप से बच्चों की शादी में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
मध्य प्रदेश के दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि शिवराज सिंह के छोटे बेटे कुणाल की शादी 14 फरवरी को होने जा रही है। इसके लिए भोपाल के लेक व्यू स्थित एक नामी होटल की बुकिंग की जा चुकी है। कुणाल चौहान की सगाई, उनकी बचपन की दोस्त रिद्धि जैन से 23 मई 2024 को भोपाल में हुई थी। रिद्धि के पिता देश की जानी-मानी कंपनी आदित्य बिड़ला ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट हैं।
वहीं, शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की शादी मार्च माह में होगी। बताया जा रहा है कि बड़े बेटे का वैवाहिक कार्यक्रम राजस्थान के उदयपुर में 5 और 6 मार्च को रखा गया है। कार्तिकेय की मंगेतर अमानत बंसल मूलत: उदयपुर की ही रहने वाली हैं। दोनों की सगाई भी पिछले साल 17 अक्टूबर को दिल्ली में हुई थी। उनके पिता अनुपम बंसल शू कंपनी लिबर्टी के मालिक हैं।