दहेज में नहीं मिली Thar तो दूल्हे ने किया शादी से इनकार, लड़की पक्ष ने थाने में की शिकायत
भोपाल के कोहेफिजा में दूल्हे ने शादी से पहले दुल्हन पक्ष से थार की डिमांड रख दी, जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह दुल्हन के घर बारात लेकर नहीं पहुंचा।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी वाले दिन दूल्हे ने दुल्हन पक्ष से थार की डिमांड रख दी। जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह दुल्हन के घर बारात लेकर नहीं पहुंचा। इस मामले में लड़की पक्ष ने शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
दरअसल, शुक्रवार को भोपाल के लालघाटी क्षेत्र स्थित एक गार्डन में एक परिवार में शादी थी। मंडप सज चुका है। रिश्तेदारों समेत तमाम मेहमान आ चुके थे। सभी बारात का इंतजार कर रहे थे। बारात राजगढ़ से आने वाली थी। तभी रात करीब 8 बजे अचानक दूल्हा राहुल चौहान ने कॉल किया और दुल्हन पक्ष से थार कार की मांग की।
यह भी पढ़ें: श्योपुर में दूल्हे की घोड़ी पर बैठे-बैठे हार्ट अटैक से मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली
दुल्हन पक्ष ने तत्काल थार की व्यवस्था करने में असमर्थता जताई। इससे नाराज राहुल (दुल्हा) ने मांग पूरी नहीं होने पर शादी तोड़ने की धमकी दी। लड़की पक्ष मिन्नतें करता रहा, लेकिन वह नहीं माना। जब उससे पुलिस में शिकायत की बात कही गई तो उसने स्वयं को बीजेपी का सक्रिय नेता बता धौंस दिखाने लगा। लड़की पक्ष ने राहुल की मां और पिता से बात की, लेकिन वह भी लड़के की मांग पूरी करने पर अड़े रहे। आखिरकार रात 11 बजे तक बारात नहीं आई। इसके बाद लड़की पक्ष के लोग थाने पहुंचे।
राहुल की इंगेजमेंट दो साल पहले हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद से ही वर पक्ष मनमर्जी चला रहा था। लड़की पक्ष के लोग शादी के लिए अपनी हैसियत अनुसार दूसरा गार्डन बुक करना चाहते थे। राहुल के परिवार ने ही महंगा गार्डन बुक करने का दबाव बनाया था। लड़की के मामा ने बताया कि दूल्हे ने थार गाड़ी की मांग की थी। उसने कहा कि अगर थार गाड़ी नहीं मिली तो बारात नहीं लाएंगे। जब हमने लड़के के पिताजी से बात की तो उन्होंने कि हम बारात लेकर नहीं आएंगे। आपसे जो बने कर लो।