अब भारत से युद्ध हुआ तो तबाही होगी, हम पीछे नहीं हटेंगे, पाकिस्तानी सेना ने फिर दी गीदड़भभकी

पाकिस्तान सेना ने शनिवार रात को भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अब दोनों देशों के बीच युद्ध हुआ तो विनाशकारी तबाही होगी। अगर दुश्मनी का नया दौर शुरू हुआ तो पाकिस्तान पीछे नहीं हटेगा।

Updated: Oct 05, 2025, 01:45 PM IST

इस्लामाबाद/नई दिल्ली। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सैन्य नेतृत्व के बयानों से पाकिस्तान घबराया हुआ है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि भारत अपने नागरिकों की रक्षा और देश की अखंडता के लिए किसी भी सीमा को पार कर सकता है। इसके साथ ही भारतीय सेना प्रमुख ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर पड़ोसी देश दुनिया के नक्शे पर खुद को देखना चाहता है तो उसे आतंकवाद को पनाह देना बंद कर देना चाहिए। इन बयानों से घबराई पाकिस्तान की सेना ने अब भारत को गीदड़भभकी दी है।

पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को एक बयान में हालिया टिप्पणियों की आलोचना की और गीदड़भभकी दी कि भविष्य में दोनों देशों के बीच संघर्ष विनाशकारी तबाही का कारण बन सकता है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग आईएसपीआर से जारी बयान में यह भी कहा गया कि ये गैर-जिम्मेदाराना बयान 'आक्रामकता के लिए मनमाने बहाने के एक नए प्रयास' का संकेत देते हैं। इसमें आगे कहा गया कि इसके दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता के लिए गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में कहा कि वह भारतीय सुरक्षा प्रतिष्ठान के शीर्ष पदों से आ रहे भ्रामक, भड़काऊ और राष्ट्रवादी बयानों पर गंभीर चिंता व्यक्त करती है। इसमें कहा गया, 'भारत के रक्षा मंत्री और उसके सेना और वायु सेना प्रमुखों को अत्यधिक भड़काउ बयानों को देखते हुए हम आगाह करते हैं कि भविष्य में कोई भी संघर्ष विनाश का कारण बन सकता है। अगर दुश्मनी का नया दौर शुरू होता है तो पाकिस्तान पीछे नहीं हटेगा। हम बिना किसी हिचकिचाहट या संयम के मजबूती से जवाब देंगे।'

शुक्रवार को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि भारत अपने नागरिकों की रक्षा, अपनी एकता और अखंडता की रक्षा के लिए जब भी जरूरी हो, किसी भी सीमा को पार कर सकती है। उसी दिन भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को सीधी चेतावनी दी थी। जनरल द्विवेदी ने कहा कि अगर पड़ोसी देश दुनिया के मानचित्र पर जगह बनाए रखना चाहते है, तो उसे अपनी धरती पर आतंकवाद को प्रायोजित करना बंद कर देना चाहिए।

जनरल द्विवेदी ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने जो संयम दिखाया था, वह भविष्य में किसी संघर्ष की स्थिति में दोहराया नहीं जाएगा। उन्होंने भारतीय सैनिकों से कार्रवाई के लिए तैयार रहने का आग्रह किया। भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी शुक्रवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के अमेरिकी F-16 समेत कम से कम एक दर्जन सैन्य विमान नष्ट हुए या क्षतिग्रस्त हो गए।