कोरोना संकट में बिन सांसद भोपाल!

भोपाल सांसद जनता के बीच होतीं तो लॉकडाउन से परेशान लोगों को राहत दिलवाती। अब भगवान भरोसे जनता

Publish: May 14, 2020, 09:32 PM IST

लॉकडाउन के चलते पूरे मध्यप्रदेश के हालात खराब हैं। राजधानी भोपाल में भी हर दिन कोरोना वायरस के संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। सैकड़ों की तादाद में कोरोना संक्रमण मामलों के चलते शहर का बड़ा हिस्सा क्वॉरेंटाइन है। सील बंद है। कहीं भोजन का संकट है तो कहीं बाहर फंसे लोगों के परिजन चिंता में हैं। इसी बीच लोगों को अपने अपने जनप्रतिनिधियों की आवश्यकता दिख रही है। अलग-अलग तरह की परेशानियां लोगों सामने आ रही हैं इन्हीं को देखते हुए लोगों को लग रहा है कि उनके जनप्रतिनिधि आखिर कहां है? बाकी जनप्रतिनिधि तो राजधानी में दिख रहे हैं लेकिन सबके जेहन में एक ही सवाल है कि आखिर भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर किधर हैं?

भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर लॉकडाउन के बाद से ही भोपाल शहर में नहीं बताई गई हैं। जनता मुश्किल में है और सांसद महोदय गायब हैं। इस बारे में जब उनके करीबियों से पूछा गया तो वह भी ठीक से जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। प्रज्ञा ठाकुर जब भोपाल से चुनाव लड़ीं है तब से ही लोगों को उंनकी कार्यप्रणाली समझ न आई। लेकिन मोदी लहर और हिंदुत्व के एजेंडे पर वो भोपाल से चुनाव जीत गईं। इसके बाद उन्होंने वादे किए थे कि भोपाल की जनता के सुख-दु:ख में काम आएंगी लेकिन जब भोपाल की जनता मुसीबत में है और पूरे शहर पर कोरोना वायरस का खतरा है तो भोपाल की सांसद गायब हैं। यदा-कदा उनके ट्विटर अकाउंट पर कुछ तस्वीरें या फिर कुछ पोस्ट डाल दी जाती है। इसके अलावा उनकी कोई भी लोकेशन नहीं मिल पा रही है।

लोग लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर साध्वी प्रज्ञा कहां हैं। साध्वी प्रज्ञा को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता भी चुप्पी साधे हुए हैं जबकि कांग्रेस सवाल कर रही है कि आखिर ऐसे समय में जब शहर की जनता को अपने जनप्रतिनिधि चाहिए, जब जनता मुश्किल में है उसको मदद चाहिए, तो फिर भोपाल की सांसद गुमशुदा क्यों हैं?  लगातार यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि कहीं भोपाल की जनता ने गलती तो नहीं कर दी क्योंकि भोपाल में प्रज्ञा ठाकुर का तमाम तरीके से विरोध हो रहा था जब उनको चुनाव में टिकट दिया गया था, तब भी। अब सवाल यही उठता है कि भोपाल में वह चुनाव तो जीत गईं लेकिन इस मुसीबत के समय में भोपाल की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है।

सांसद होती तो जनता की मदद होती : पीसी शर्मा

पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा है कि कोरोना महामारी के समय आम जनता को संकट में छोडकर गायब होना बेहद चिंताजनक है यदि सांसद महोदया क्षेत्र में होतीं तो भोपाल के मजदूर, आमजन जो दूसरे प्रदेशो में फंसे है, उन्हें घर वापस लाने में मदद हो सकती थी। 50 दिन से जारी लॉकडाउन में गरीबों को राशन नही मिल रहा है, लोगों के पास रोजगार के कोई साधन नही बचे हैं, गरीब दो जून की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है,  बिजली के बिल बढे हुए आ रहे हैं, लोग मदद की आस देख रहे हैं लेकिन भोपाल की सांसद हैं कि क्षेत्र से नदारद हैं। इस समय वे केन्द्र सरकार की प्रतिनिधि हैं और केन्द्र सरकार के 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज का ऐलान कर चुकी है। इस समय में वो सडकों पर जान हथेली पर लेकर चल रहे मजदूरों के लिए मददगार साबित हो सकती थीं;  राज्य सरकार से प्रदेश और भोपाल की जनता के लिए राहत पैकेज, गरीब मजदूरों को आर्थिक सहायता, राशन की व्यवस्था करा सकती थीं लेकिन सांसद के गायब होने के साथ ही लोगों की आशा खत्म हो गई है। भोपाल सांसद की जनता के प्रति बेरुखी से आमजन परेशान हैं। यदि आज वे लोगों के बीच होतीं तो दूसरे राज्यों में फंसे भोपाल के मजदूरों को वापस लाने के लिए प्रयास तेज होते, ई-पास की व्यवस्था होती, प्रशासनिक अमले को जनता की सेवा के लिए तैनात करातीं, लेकिन सांसद महोदय के अचानक गायब हो जाने से लोगों के सारे सपने साध्वी ने लूट लिए, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

सांसद दिल्‍ली में है, शायद : संजर

जब भोपाल के पूर्व सांसद और बीजेपी के नेता आलोक संजर से वर्तमान सांसद प्रज्ञा ठाकुर के बारे में पूछा गया तो उन्‍होंने कहा कि सांसद जी के दिल्ली में होने की जानकारी है। शायद अस्वस्थ हैं। मेरे पास बस इतनी ही जानकारी है।