भोपाल में चाकू मारकर महिला की हत्या, वारदात के बाद आरोपी ने की खुदकुशी

भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय दुर्गा कुशवाहा की उनके परिचित प्रीतम कुशवाहा ने चाकू से 13 वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात के बाद रेलवे ट्रैक पर कूदकर आत्महत्या कर ली।

Updated: Feb 16, 2026, 09:25 PM IST

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां 45 वर्षीय दुर्गा कुशवाहा की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि प्रीतम कुशवाहा नामक व्यक्ति ने उन पर चाकू से 13 बार वार किया था। हत्या के बाद आरोपी रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।

घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। वारदात के समय महिला के पति और बेटा घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान आरोपी घर पहुंचा और महिला को पास में बन रहे निर्माणाधीन मकान में सफाई का बहाना बनाकर ले गया। वहां एक कमरे में उसने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुर्गा की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतका दुर्गा कुशवाहा पूर्वी निशातपुरा क्षेत्र की निवासी थीं। आरोपी प्रीतम कुशवाहा को वह गुरु भाई मानती थी। परिवार के सदस्यों का कहना है कि दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और इसी रिश्ते के कारण दुर्गा ने उसे अपने घर में शरण दी थी।

मृतका के दामाद महेश कुशवाहा ने बताया कि प्रीतम पहले भी जघन्य अपराध में सजा काट चुका था। सागर जिले के तेंदूखेड़ा गांव में उसने अपने तीन बच्चों की हत्या कर दी थी। जिसके चलते वह लगभग 14 वर्षों तक जेल में रहा। पिछले साल जेल से रिहा होने के बाद जब वह अपने गांव लौटा तो ग्रामीणों ने उसे वहां रहने नहीं दिया। इसके बाद वह भोपाल आ गया और दुर्गा से संपर्क किया। गांव का परिचित होने और गुरु भाई का संबंध बताने पर दुर्गा ने उसे सहारा दिया।

परिजनों के मुताबिक, पिछले छह महीनों से दुर्गा आरोपी पर घर छोड़ने का दबाव बना रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद ने हत्या की शक्ल ले ली। हत्या के तुरंत बाद आरोपी घटनास्थल से भाग निकला और कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के आगे कूद गया। पुलिस ने उसका शव भी बरामद कर लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या और आत्महत्या दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।