दिल्ली में एक परिवार के 6 लोगों की मौत, मच्छर वाले कॉइल से घुट गया दम

मृत लोगों में चार पुरुष, एक महिला और एक डेढ़ वर्ष का बच्चा है

Publish: Mar 31, 2023, 12:15 PM IST

नई दिल्ली। राजधानी में एक ही परिवार के छह लोगों की दम घुटने से मौत हो गई है। परिजन रात में मच्छर वाले कॉइल जलाकर सो रहे थे। जिसके कारण दम घुटने से परिजनों ने दम तोड़ दिया। परिवार के दो लोग इस समय अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। 

यह हादसा दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में हुआ। बीती रात एक परिवार के नौ लोग मच्छर वाला कॉइल जलाकर सो रहे थे। इसी दौरान जल रहे कॉइल की वजह से गद्दे में आग लग गई। जिसके बाद धुआं पूरे कमरे में फैल गया। 

शुक्रवार सुबह सभी परिजन बेहोशी की हालत में पड़े मिले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिवार के छह लोगों को मृत अवस्था में पाया। जबकि तीन लोग बेहोश पड़े हुए थे। सभी को आनन फानन में नजदीकी जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया। 

पोस्टमार्टम में मृतकों की मौत की वजह दम घुटने को बताया गया है। 6 मृतकों में चार पुरुष, एक महिला और एक डेढ़ वर्षीय बच्चा है। वहीं तीन अन्य परिजनों में से एक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। जबकि दो लोगों का इलाज जारी है। इसमें एक पंद्रह वर्षीय लड़की भी शामिल है।