दतिया में नरोत्तम मिश्रा समर्थकों का हंगामा, हाइवे जाम किया, BJP जिलाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

दतिया विधानसभा उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद भाजपा में विरोध तेज हो गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर शरण समेत कई पदाधिकारियों ने अपने इस्तीफे सौंप दिए हैं।

Updated: Jul 10, 2026, 09:01 PM IST

दतिया। मध्य प्रदेश में दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासत गर्म है। बीजेपी ने अपने दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया है। पार्टी ने शुक्रवार को आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया। टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने दतिया में हंगामा खड़ा कर दिया है।

टिकट का ऐलान होने के कुछ ही देर बाद दतिया में बड़ी संख्या ने नरोत्तम मिश्रा के समर्थक सड़क पर उतर आए और बवाल शुरू कर दिया। उन्होंने झांसी हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। 

इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने शहर की दुकानें बंद करवा दी और भोपाल में भी विरोध करने की चेतावनी दी है। कई महिलाएं हाइवे पर लेट गईं ताकि पुलिस जाम खुलवा न सके। वे सभी सीएम मोहन यादव और बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

इसके साथ ही बीजेपी के जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह ने बीजेपी के कई पार्षदों के साथ सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। बीजेपी जिलाध्यक्ष ने पार्टी नेतृत्व को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर प्रत्याशी नहीं बदला जाता है तो वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे।

बता दें कि उपचुनाव की घोषणा के बाद से नरोत्तम मिश्रा चुनावी तैयारियों में जुटे थे। सभाएं करके अपनी पुरानी गलतियों पर माफी मांग रहे थे। उन्होंने बुधवार को नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की चर्चा थी। लेकिन पार्टी ने ऐन वक्त पर उनका टिकट काट दिया। बहरहाल, अब देखना होगा कि दतिया में डैमेज कंट्रोल के लिए पार्टी क्या निर्णय लेती है।