अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी को लिखा पत्र, दिल्ली सेवा बिल पर साथ देने के लिए जताया आभार

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी को पत्र लिखकर दिल्ली सेवा बिल खिलाफ मतदान करने और उनकी पार्टी के समर्थन के लिए दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की ओर से आभार व्यक्त किया है।

Updated: Aug 09, 2023, 11:56 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली सेवा बिल लोकसभा और राज्यसभा से पास होने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी को पत्र लिखा है। केजरीवाल ने इस पत्र के माध्यम से दिल्ली सेवा विधेयक पर समर्थन देने के लिए खड़गे और राहुल गांधी का आभार जताया है।

दिल्ली सीएम ने पत्र में लिखा है कि, 'मैं जीएनसीटीडी संशोधन विधेयक 2023 को अस्वीकार करने और उसके खिलाफ मतदान करने में आपकी पार्टी के समर्थन के लिए दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की ओर से आभार व्यक्त करता हूं। मैं, संसद के अंदर और बाहर दिल्ली के लोगों के अधिकारों की वकालत करने के लिए आपकी दिल से सराहना करता हूं। मुझे भरोसा है कि संविधान के सिद्धांतों के प्रति आपकी अटूट निष्ठा दशकों तक याद रखी जाएगी। हम संविधान को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ाई में आपके निरंतर समर्थन की आशा करते हैं।' 

बता दें कि विपक्षी एकता को लेकर पहले पटना और उसके बाद बेंगलुरु अधिवेशन में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को दिल्ली अध्यादेश विधेयक के विरोध में साथ देने का वादा किया था। अपने वादों पर अमल करते हुए संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित दिल्ली सेवा विधेयक का विरोध किया। कांग्रेस के इस रुख के बाद अब आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मल्ल्किार्जुन खड़े और राहुल गांधी के प्रति अपना आभार जताया है। हालांकि, विपक्षी दलों के विरोध के बावजूद बीजेपी दिल्ली अध्यादेश विधेयक को दोनों सदनों से पास कराने में सफल रही।