अरविंद केजरीवाल की हत्या की साजिश रच रही केंद्र सरकार, AAP ने लगाए गंभीर आरोप

सीएम आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल जी की हत्या की इस साजिश में केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस शामिल है।

Updated: Jan 25, 2025, 04:45 PM IST

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव का काउंटडाऊन शुरू हो गया है। दिल्ली की 70 सीटों पर मतदान में अभी कुछ ही दिन बाकी है। चुनाव प्रचार में सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल की हत्या की साजिश रची जा रही है।

दिल्ली सीएम आतिशी ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की ‘हत्या’ की साजिश रचने का आरोप लगाया। आतिशी ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि पंजाब पुलिस द्वारा उन्हें प्रदान की गई सुरक्षा को बहाल किया जाए, जो वापस ले ली गई है।

यह भी पढे़ं: Delhi Elections के बीच सीएम आतिशी के खिलाफ FIR दर्ज, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को समान अवसर देने, अरविंद केजरीवाल को पंजाब पुलिस से मिली सुरक्षा बहाल करने और उन पर जानलेवा हमलों की जांच करने की मांग की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश के चलते केजरीवाल पर कथित हमलों पर आंखें मूंद ली हैं। आतिशी ने कहा कि बीजेपी और दिल्ली पुलिस दोनों केजरीवाल की जान लेने की साजिश कर रहे हैं। उन पर एक के बाद एक हमले की कोशिश की गई है। अक्टूबर में केजरीवाल पर हमला किया गया। जांच में पता चला कि हमलावर भाजपा कार्यकर्ता थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने कहा कि हमने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर केजरीवाल की सुरक्षा बहाल करने की मांग की है। हमें दिल्ली पुलिस पर भरोसा नहीं है, क्योंकि वह अमित शाह के नियंत्रण में है। AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली चुनाव से पहले तुच्छ राजनीति करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केजरीवाल की सुरक्षा हटाने की साजिश रची है।

AAP नेताओं द्वारा निर्वाचन आयोग को लिखे गये पत्र में कहा गया है कि हम आपको दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में गंभीर चिंता के साथ लिख रहे हैं, जिन्हें लगातार अपने जीवन के लिए गंभीर खतरों और उनकी सुरक्षा में जानबूझकर चूक का सामना करना पड़ रहा है।