Delhi Elections के बीच सीएम आतिशी के खिलाफ FIR दर्ज, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
इनके नेता खुलेआम पैसा बांटते हैं, साड़ी, कंबल, सोने की चैन आदि बांटते हैं, फर्जी वोट बनवाते हैं, फिर भी एक FIR तक दर्ज नहीं होती। लेकिन मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ तुरंत FIR हो जाती है: केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। चुनाव प्रचार के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के विरुद्ध FIR दर्ज की गई है। सीएम आतिशी पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आतिशी के द्वारा अपने चुनावी कार्यालय के लिए सरकारी वाहन का उपयोग करने पर ये FIR दर्ज हुई है।
आतिशी के विरुद्ध FIR को लेकर अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'इनके नेता खुलेआम पैसा बांटते हैं, साड़ी, कंबल, सोने की चैन आदि बांटते हैं, फर्जी वोट बनवाते हैं, फिर भी एक FIR तक दर्ज नहीं होती। लेकिन मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ तुरंत FIR हो जाती है। आम आदमी पार्टी पूरे सिस्टम के खिलाफ लड़ रही है। इस सड़े गले सिस्टम को जनता के साथ मिलकर बदलना है, मिलकर साफ करना है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों उसी सड़े गले सिस्टम का हिस्सा हैं।'
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इसीलिए 70 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया भी जारी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी विधानसभा सीट से AAP की उम्मीदवार आतिशी इसी के तहत आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। कांग्रेस ने इस सीट से अलका लांबा को मैदान में उतारा है। इसके बाद मुकाबल कठिन हो गया है।
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में 5 फरवरी, 2025 को मतदान होगा और चुनाव नतीजे 8 फरवरी, 2025 को घोषित होंगे। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली में 2 बार जीत हासिल कर चुकी है और तीसरी बार जीतने के लिए जोर लगा रही है। वहीं बीजेपी इस चुनाव को दिल्ली की सत्ता में तीन दशक बाद वापसी की कोशिश में पूरी ताकत झोंक रही है। कांग्रेस भी इस लड़ाई में बराबर बनी हुई है। वह अकेले इस चुनाव में मैदान में है लेकिन दस साल बाद पार्टी एक बार फिर सत्ता पर काबिज होने के लिए पूरे दमखम के साथ मैदान में है।