काले कपड़ों में कांग्रेस ने जताया अडानी मामले पर विरोध, सोनिया गांधी भी हुईं शामिल

संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस नेताओं ने अडानी मामले पर विरोध प्रदर्शन किया, लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक जबकि राज्यसभा की कार्यवाही शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई

Publish: Mar 27, 2023, 12:16 PM IST

नई दिल्ली। अडानी मामले में कांग्रेस पार्टी ने आज ब्लैक ड्रेस प्रोटेस्ट किया। कांग्रेस के तमाम नेता अपना विरोध जताने के लिया काले कपड़ों में आज संसद पहुंचे। इसके बाद उन्होंने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने अडानी मामले पर अपना विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की। सोनिया गांधी भी इस विरोध प्रर्दशन में शामिल हुईं। 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से कहा कि हम यहां पर काले कपड़े में क्यों आए हैं? क्योंकि हम यह बताना चाहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी हमारे देश के लोकतंत्र को खत्म करने पर तुले हुए हैं। उन्होंने पहले स्वतंत्र इकाइयों को समाप्त किया इसके बाद उन्होंने चुनाव जीतने वाले लोगों को डराना धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने सीबीआई और ईडी का उपयोग ऐसे लोगों के खिलाफ किया जिन्होंने उनके सामने झुकने से इनकार कर दिया। 

संसद के दोनों सदनों में आज एक बार फिर अडानी मामला और राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने का मामला गूंजा। विपक्ष के भारी विरोध के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। लोकसभा को दोपहर दो बजे तक जबकि राज्यसभा को शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। 

इससे पहले आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में विपक्षी पार्टी के नेताओं की बैठक हुई थी। इस बैठक में टीएमसी के दो नेता भी शामिल हुए। प्रसून बनर्जी और जवाहर सरकार ने इस बैठक में हिस्सा लिया। यह पहली बार है जब तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस की अगुवाई में हुई बैठक का हिस्सा बनी है।