भोपाल जेल में दो महीनों से बंद छात्र की मौत, परिजनों ने समय पर इलाज न मिलने के लगाए आरोप
भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय छात्र हर्षित राजपूत की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही, पैसे मांगने और आईसीयू में हथकड़ी बांधने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
भोपाल। भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय बीकॉम छात्र हर्षित राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि जेल में करीब दो महीने तक उसकी तबीयत खराब रही थी लेकिन बार बार गुहार लगाने के बावजूद उसे समय पर इलाज नहीं मिला। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी से नाराज परिवार और समाज के लोगों ने मॉर्चरी के बाहर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने जेल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले जब वे हर्षित से मिलने जेल पहुंचे थे तब उसकी हालत काफी खराब थी। वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। चाचा के मुताबिक, इलाज के बारे में पूछने पर हर्षित ने बताया था कि जेल में डॉक्टर उपचार के लिए पैसे मांगते हैं। उसने यह भी बताया था कि अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर उसकी परेशानी को गंभीरता से लेने के बजाय रोज ड्रामा करने की बात कहकर टाल देते थे। जेल में और परेशानी बढ़ने के डर से वह खुलकर शिकायत भी नहीं कर पाता था।
यह भी पढ़ें:कूनो में बोत्सवाना से आई मादा चीता ने 4 स्वस्थ शावकों को दिया जन्म, देश में 62 हुई चीतों की संख्या
परिजनों ने जेल प्रशासन पर अमानवीयता का एक और गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि जब हर्षित की हालत बेहद गंभीर हो गई और उसे हमीदिया अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। उस दौरान भी उसके पैर में हथकड़ी बांधी गई थी।
हर्षित ईश्वर नगर का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रहा था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने मारपीट के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद से वह भोपाल सेंट्रल जेल में बंद था। परिवार का दावा है कि जेल में रहने के दौरान उसकी सेहत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों ने कई बार आवेदन देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की लेकिन उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया।
परिवार के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने भी जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। इलाज में लगातार हुई देरी के कारण जब बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया तब तक उसके फेफड़ों (Lungs) ने पूरी तरह से काम करना बंद कर दिया था। हालत इतनी बिगड़ चुकी थी कि उसे तुरंत वेंटिलेटर सपोर्ट पर लेना पड़ा था। परिवार की ओर से लगातार आवेदन दिए जाने के बावजूद जेल प्रशासन ने कोर्ट को उसकी तबीयत ठीक होने की झूठी जानकारी दी थी।
यह भी पढ़ें:ओडिशा और आंध्र प्रदेश में चक्रवात अकवान ने दी दस्तक, 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया में देरी होने पर परिजनों का आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने मॉर्चरी के बाहर पुलिस और जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिवार ने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए पोस्टमॉर्टम में देरी कर रहा है। सुरेंद्र सिंह चौहान ने खुद को करणी सेना का संभाग अध्यक्ष बताते हुए कहा कि राजपूत समाज ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में शव रखकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
हर्षित के परिवार में माता और पिता के अलावा एक भाई और बहन हैं। उसके पिता गोदाम में काम करते हैं। जवान बेटे की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार का कहना है कि बंदी को उल्टी और दस्त की शिकायत थी और जेल अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा था। इसकी जानकारी कोर्ट को भी दी गई थी। दूसरी ओर, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, हर्षित की मौत न्यायिक हिरासत के दौरान हुई है इसलिए इसे कस्टोडियल डेथ मानते हुए मामले की न्यायिक जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें:महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने जीत के साथ की शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से हराया




