अडानी मामले पर देशभर में पर्दाफाश रैली करेगी कांग्रेस, बैंकों के सामने भी देशव्यापी प्रदर्शन की तैयारी
कांग्रेस द्वारा 13 मार्च को सभी राज्यों में चलो राजभवन मार्च का आयोजन किया जाएगा। इसके पहले 6 से 10 मार्च को बैंकों के सामने पार्टी प्रदर्शन करेगी।

नई दिल्ली। अडानी गेट कांड को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है। राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न होने के बाद अब कांग्रेस इस मुद्दे पर देशभर में व्यापक विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि अडानी मामले के खिलाफ कांग्रेस देशभर में पर्दाफाश रैली करेगी।
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी 6 से 10 मार्च तक पूरे देश में इस मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और एलआईसी के कार्यालयों के सामने प्रदर्शन भी करेगी। यह प्रदर्शन ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा। इसके बाद सभी राज्यों में 13 मार्च को चलो राजभवन मार्च निकाला जाएगा। मार्च के महीने में देश के सभी जिला मुख्यालयों पर पर्दाफाश रैलियां भी आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों को प्रदेश के नेताओं द्वारा संबोधित किया जाएगा।
Agitation Against Adani- Congress to organise PARDAFASH Rallies. pic.twitter.com/kZZuMhmadv
— Congress (@INCIndia) February 27, 2023
इसके बाद अप्रैल के महीने में सभी राज्यों की राजधानियों में पदार्फाश रैलियों का आयोजन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इन्हें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय स्तर के अन्य नेताओं के द्वारा संबोधित किया जाएगा।
राज्य स्तर के सभी वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों/एमएलसी और अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों, फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के नेताओं और पार्टी कार्यकतार्ओं को इन सभी आंदोलनों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के लिए कहा गया है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हालिया हिंडनबर्ग की रिपोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी सरकार की अडानी के पक्ष में क्रोनी पूंजीवाद की नीति को उजागर कर दिया। गहरे आर्थिक संकट के समय में, पीएम मोदी देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को अडानी समूह को बेच रहे हैं गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की करोड़ों रुपये की बचत जोखिम में है।
आप क्रोनोलॉजी समझिए..
— Congress (@INCIndia) February 27, 2023
जनता ने अपनी गाढ़ी कमाई LIC को दी।
LIC ने 'उनके' कहने पर जनता का पैसा अडानी को दिया।
...और फिर 'मित्र राहत कोष' में LIC के 50 हजार करोड़ रुपए स्वाहा हो गए। pic.twitter.com/OvJysohF8D
कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर अडानी-मोदी सांठ-गांठ का मुद्दा उठाती रही है। हाल ही में, 17 फरवरी को 23 राज्यों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। कांग्रेस पार्टी ने अपने अभियान को और तेज करने का फैसला किया है। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को कहा है कि वे स्थानीय स्तर पर आंदोलन करें और इस मुद्दे को सीधे लोगों तक ले जाएं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अपने बयान में कहा कि सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों को सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के लिए कहा गया है, जहां राज्य के वरिष्ठ नेता मीडिया को संबोधित करेंगे। इसके बाद सभी राज्य इकाइयां विभिन्न स्तरों पर आंदोलनकारी गतिविधियों का आयोजन करेंगी।