राहुल गांधी की अगुवाई में आज जंतर मंतर जाएंगे विपक्षी नेता, आंदोलनरत किसानों का करेंगे समर्थन

आठ महीने से ज्यादा समय से कृषि कानूनों के खिलाफ किसान दिल्ली में डटे हुए हैं, संसद के मौजूदा सत्र की शुरुआत से ही जंतर मंतर पर किसान अपना विरोध व्यक्त कर रहे हैं

Publish: Aug 06, 2021, 05:54 AM IST

नई दिल्ली। पेगासस जासूसी कांड और कृषि कानूनों के खिलाफ विपक्ष लगातार एकजुट नज़र आ रहा है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्षी पार्टियों के नेता जंतर मंतर की ओर कूच करेंगे। जंतर मंतर पर कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन कर रहे हैं। राहुल गांधी की अगुवाई में आज विपक्षी पार्टी के नेता आंदोलनरत किसानों के प्रति अपना समर्थन ज़ाहिर करेंगे। 

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कृषि कानूनों को रद्द करने की किसानों की मांग का समर्थन करने के लिए आज सभी विपक्षी पार्टियां जंतर मंतर जाएंगी। राहुल गांधी भी इसमें शामिल होंगे। विपक्ष के नेता आज संसद में एक मुलाकात भी करेंगे। 

पिछले 8 महीने से ज्यादा समय से किसान दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर डटे हुए हैं। सरकार से कई दौरों की बातचीत होने के बावजूद केंद्र सरकार तीनों कानूनों को रद्द करने के लिए राज़ी नहीं हुई। संसद के मौजूदा मॉनसून सत्र में सरकार पर दबाव बनाने के लिए किसानों ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन करना शुरू किया है। हालांकि केंद्र सरकार यह स्पष्ट कर चुकी है कि वह कानूनों को रद्द करने की मूड में नहीं है। 

एक तरफ किसान सड़क पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं तो वहीं विपक्ष भी संसद में कृषि कानूनों के खिलाफ अपना विरोध जाहिर कर रहा है। विपक्षी पार्टियां लगातार कृषि कानूनों को रद्द करने और पेगासस जासूसी कांड पर चर्चा करने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बना रही है, लेकिन सरकार अपने इरादे से टस से मस होने को तैयार नहीं है। आंदोलनरत किसानों के प्रति केंद्र सरकार के इस उदासीन रवैए को लेकर आज विपक्षी पार्टियां जंतर मंतर पर स्थिति किसानों के धरना स्थल की ओर कूच करने वाली हैं।