हिमाचल प्रदेश में बारिश से भारी तबाही, अबतक 30 की मौत, 500 से अधिक यात्री फंसे

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य में "अत्यधिक बारिश" के लिए "रेड" अलर्ट जारी किया है।

Updated: Jul 11, 2023, 02:20 PM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर जारी है। बारिश के कारण राज्य में अबतक 30 लोगों की मौत हो गई और 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। राजधानी शिमला में सर्वाधिक 11 लोगों की मौत हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य में "अत्यधिक बारिश" के लिए "रेड" अलर्ट जारी किया है। 

अधिकारियों के मुताबिक, 30 मृतकों में से 29 लोगों की पहचान हो चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने ऊना जिले में पानी से भरी झुग्गी बस्ती में फंसे 515 मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। बारिश के कारण हुए भूस्खलन के कारण इन क्षेत्रों तक पहुंच बंद हो जाने के बाद लाहौल और स्पीति के चंद्रताल, पागल नाला और अन्य स्थानों पर 500 से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं। 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख ने कहा, "हम प्रभावित इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। राज्य में पर्यटक सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है। हर मंत्री हर जिले में हैं। राज्य राहत एवं बचाव कार्यों पर नजर रखी जा रह है।" साथ ही सीएम सुक्खू ने सोमवार को नादौन से राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) की बैठक की अध्यक्षता की और राज्य में 50 वर्षों में सबसे अधिक अभूतपूर्व बारिश से हुए नुकसान को रोकने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। 

राज्य में प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों, जिला और लिंक सड़कों सहित 1,300 से अधिक सड़कें प्रभावित हैं। राज्य के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा, हम अगले दो दिनों के लिए हाई अलर्ट पर हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को राज्य में "अत्यधिक भारी बारिश" के लिए "रेड" अलर्ट जारी किया। अलर्ट में व्यापक बाढ़ और संपत्ति के नुकसान की चेतावनी दी गई है।