Ujjain: महाकाल मंदिर में रंगों के त्यौहार की हुई शुरुआत, 51 क्विंटल फूलों से खेली गई होली

उज्जैन के महाकाल में भगवान और भक्तों के बीच जमकर फूलों की होली खेली गई। दरअसल, भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के आंगन में सैकड़ों भक्तों ने 51 क्विंटल फूलों से होली खेली।

Publish: Mar 24, 2024, 03:32 PM IST

उज्जैन। पूरे देश में होली की तैयारी जोरों शोरों से शुरू हो चुकी है। मार्केट रंग-गुलाल, पिचकारियों से सज गए हैं। घरों और गलियों में गुजिया की खुशबू फैल रही है। बच्चों से लेकर बूढ़े तक इस त्यौहार को मनाने के लिए उत्साहित है। इसी बीच उज्जैन के महाकाल में भगवान और भक्तों के बीच जमकर फूलों की होली खेली गई। दरअसल, भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के आंगन में सैकड़ों भक्तों ने 51 क्विंटल फूलों से होली खेली। वहीं शाम को संध्या आरती के बाद महाकाल प्रांगण में होलिका दहन के साथ पूरे देश में होली प्रारंभ हो जाएगी। 

इसके साथ ही मंदिर में आज रविवार को होने वाली भस्म आरती के दौरान फाग उत्सव की धूम देखने को मिली। भस्मारती के दौरान बाबा महाकाल को गुलाल लगाया गया। यह 51 क्विंटल फूल महाराष्ट्र के नांदेड़ से आए भक्त केशव मालेवार ने बाबा के फाग उत्सव में अर्पित किए। भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल ने फूलों की होली खेलकर फाग उत्सव मनाया। नंदी हॉल में भी जमकर भक्तों ने एक दूसरे पर फूल बरसाए और फाग उत्सव का आनंद लिया। 

इसके अलावा आज दोपहर में शिप्रा तक स्थित महाकाल मंडपम में बाबा महाकाल और माता पार्वती अपने अन्य भक्त भूत प्रेत के साथ होली का पर्व मनाएंगे। इस परंपरा का निर्वाहन महाकाल शयन आरती परिवार द्वारा किया जाएगा। इसी के बाद यहां पर भोज का भी आयोजन होगा।

इसके बाद आज संध्या आरती के बाद मंदिर परिसर में पुजारियों द्वारा मंत्रोचारण के साथ होलिका दहन किया जाएगा। इस दौरान बाबा महाकाल पर हर्बल गुलाल उड़ाकर जमकर होली खेली जाएगी। बता दें बीते कई वर्षों से मंदिर में ये होली खेली जा रही हैं। इस होली को देखने के लिए बड़ी संख्या में देश विदेश से कई भक्त आते हैं। महाकाल मंदिर में होली से एक दिन पहले होली का पर्व मनाने की परंपरा आदि अनादिकाल से चली आ रही।