शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स में 1000 अंक की गिरावट, निफ्टी भी 350 अंक टूटा

सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 76,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 350 अंक की गिरावट है, ये 23,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

Updated: Apr 30, 2026, 12:58 PM IST

मुंबई। पश्चिम एशिया संकट के कारण होर्मुज पर जारी अनिश्चितता के बीच भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर भारी बिकवाली दिखने को मिली। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बाद गुरुवार को घरेलू बेंचमार्क सूचकांक भी फिसल गए। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1050 से ज्यादा अंकों तक टूट गया।

सेंसेक्स फिलहाल 1000 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 76,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 350 अंक की गिरावट है, ये 23,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। ऑटो, मेटल, बैंकिंग और रियल्टी शेयर्स में ज्यादा गिरावट है।

जियोपॉलिटिकल तनाव और जंग जैसी स्थिति में महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है। इससे कंपनियों का मुनाफा कम हो सकता है। ऐसे में निवेशक अपने शेयर बेचना शुरू कर देते हैं और सुरक्षित जगह निवेश करते हैं। इससे बाजार में गिरावट आती है।

बता दें कि ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गई हैं। 2022 के बाद पहली बार कच्चा तेल 120 डॉलर डॉलर के पार निकला है। बाजार में तेल की मजबूत डिमांड और 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' को लेकर चिंता बढ़ी है जिस वजह से ये तेजी आई है। हॉर्मुज को तेल की सप्लाई के लिए सबसे अहम रास्ता माना जाता है।

इससे पहले कल यानी 29 अप्रैल को शेयर बाजार में बढ़त रही थी। सेंसेक्स 609 अंक (0.79%) की तेजी के साथ 77,496 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 182 अंक (0.76%) की तेजी रही, ये 24,178 पर बंद हुआ था।