जम्मू की लड़की का केरल के लड़के से शादी, भारत जोड़ो विवाह का कार्ड वायरल, राहुल गांधी को भी भेजा न्यौता

यह वेडिंग कार्ड इस वजह से वायरल हो रहा है, क्योंकि उन्होंने इस कार्ड को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से इंप्रेस होकर छपवाया है। कार्ड में नीचे उन्होंने लिखा है- भारत जोड़ो विवाह। उनका ये कार्ड विविधता का प्रतीक है।

Updated: Feb 19, 2025, 08:34 PM IST

नई दिल्ली। साल 2022 में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को देशभर में आपार जनसमर्थन मिला था। विविधता में एकता का संदेश लिए करीब साढ़े तीन हजार किलोमीटर की यह पदयात्रा लोग नहीं भूल पाए हैं। इसी का नतीजा है कि अब एक कपल ने भारत जोड़ो यात्रा से इंप्रेस होकर उसी के तर्ज पर अपना वेडिंग कार्ड छपवाया है।

सोशल मीडिया पर शादी का यह कार्ड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे होने वाली दुल्हन ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। शादी का निमंत्रण इतना यूनीक है कि लोगों के दिलों को छू रहा है। अभिलाषा कोटवाल की शादी के निमंत्रण की एक्स पोस्ट भारत जोड़ो विवाह को एकता के दिल को छू लेने वाले मैसेज के लिए बहुत पसंद किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार बने देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त, राहुल गांधी ने नियुक्ति में जल्दबाजी का किया विरोध

शादी का निमंत्रण कार्ड शेयर करते हुए अभिलाषा ने लिखा, 'जब आपकी शादी गठबंधन सरकार की तुलना में ज्यादा विविध होती है, तो आपको पता चलता है कि यह वास्तव में खास है! राहुल, प्रियंका जी, हमारी प्रेम कहानी उन मूल्यों का प्रतीक है जिनका आप समर्थन करते हैं। आपका आशीर्वाद पाकर सम्मानित महसूस करूंगी।'

राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा का अनोखा संदर्भ लेते हुए, कपल अभिलाषा कोटवाल और विनाल विलियम ने अपनी विशिष्ट क्षेत्रीय पृष्ठभूमि पर इस तरह से प्रकाश डाला, जिसने कई दिलों को छू लिया। अभिलाषा जम्मू और बंगाल से हैं, जबकि विनाल की जड़ें पंजाब और केरल में हैं।

उनकी शादी के निमंत्रण कार्ड में गर्व से अभिलाषा को "जम्मू और बंगाल की बेटी" और विनाल को "पंजाब और केरल के बेटे" के रूप में संदर्भित किया गया है, जो उनकी विविध उत्पत्ति को सेलिब्रेट कर रहा है। 'भारत जोड़ो विवाह' शीर्षक भी उनके मिलन के पीछे के गहरे अर्थ को दर्शाता है।

देश भर में कांग्रेस पार्टी के मार्च से प्रेरित होकर निर्मित शादी का यह निमंत्रण कार्ड समान रंगों और डिजाइन का उपयोग करते हुए, बिलकुल भारत जोड़ो यात्रा के पोस्टर जैसा दिखता है। 

अभिलाषा ने अपनी शादी में दोनों कांग्रेस नेताओं को भी आमंत्रित किया था। बताया जा रहा है कि यह सिर्फ एक प्रतीकात्मक संकेत नहीं है, इसका एक अनोखा संबंध भी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कई साल पहले अभिलाषा की मां ने प्रियंका गांधी की शादी का कार्ड डिजाइन किया था। बहरहाल, इस निमंत्रण कार्ड की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। एकता और विविधता का यह अनोखा संदेश लोगों के बीच चर्चा का विषय है।