झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का हुआ निधन, सीएम सोरेन बोले- नहीं रहे हमारे टाइगर
झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई में निधन हो गया। उनका इलाज चेन्नई के अपोलो अस्पताल में चल रहा था

रांची। झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का आज चेन्नई के अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। बीते कुछ महीनों से मंत्री जगरनाथ बीमार चल रहे थे। शिक्षा मंत्री के निधन से राज्य के राजनीतिक वर्ग और सामान्य लोगों में गहरा शोक है। सभी उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से कामना कर रहे हैं।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस बात की जानकारी देते हुए ट्वीट किया, "अपूरणीय क्षति!
हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे! आज झारखण्ड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया। चेन्नई में इलाज के दौरान आदरणीय जगरनाथ महतो जी का निधन हो गया।
परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।"
अपूरणीय क्षति!
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) April 6, 2023
हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे!
आज झारखण्ड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया। चेन्नई में इलाज के दौरान आदरणीय जगरनाथ महतो जी का निधन हो गया।
परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की…
जगरनाथ महतो पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे। 14 मार्च को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। जिस कारण उन्हें रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि बाद में सीएम सोरेन की सलाह पर उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट करके चेन्नई ले जाया गया था। चेन्नई के बड़े अस्पताल में डॉक्टर्स की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। लेकिन गुरुवार सुबह उनका निधन हो गया। शिक्षा मंत्री के निधन की खबर से झारखंड के राजनीति गलियारों में शोक की लहर है।
झारखंड सरकार के मंत्री श्री जगरनाथ महतो जी के चेन्नई के अस्पताल में निधन की बेहद दुःखद सूचना मिली है।
— Babulal Marandi (@yourBabulal) April 6, 2023
लंबे समय से बीमारी को हराते हुए योद्धा की भांति डंटे रहने वाले जगरनाथ जी का चले जाना पूरे झारखंड के लिए अत्यंत दुखदायी है।
राजनैतिक भिन्नताओं के बावजूद व्यक्तिगत रूप से उनकी… pic.twitter.com/6JlutQ5E7O
बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने भी ट्वीट कर शिक्षा मंत्री को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, 'झारखंड सरकार के मंत्री श्री जगरनाथ महतो जी के चेन्नई के अस्पताल में निधन की बेहद दुःखद सूचना मिली है। लंबे समय से बीमारी को हराते हुए योद्धा की भांति डंटे रहने वाले जगरनाथ जी का चले जाना पूरे झारखंड के लिए अत्यंत दुखदायी है। राजनैतिक भिन्नताओं के बावजूद व्यक्तिगत रूप से उनकी जीवटता का मैं सदैव प्रशंसक रहा हूं। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। भावभीनी श्रद्धांजलि। ॐ शांति ॐ शांति।'