युवाओं का एकलव्य जैसा अंगूठा काट रही BJP, इंदौर में MPPSC अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी पर बरसे राहुल गांधी

मध्य प्रदेश में MPPSC में हुई गड़बड़ी का विरोध कर रहे दो छात्रों को जेल में डाल दिया गया है। वो भी तब जब मुख्यमंत्री ने ख़ुद छात्रों से मुलाक़ात कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था: राहुल गांधी

Updated: Jan 03, 2025, 02:38 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के इंदौर में NEYU से जुड़े दो छात्र नेताओं राधे जाट और रंजीत किसानवंशी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मामले पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि भाजपा भारत के युवाओं का बिल्कुल एकलव्य जैसा अंगूठा काट रही है, उनका भविष्य मिटा रही है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'सरकारी भर्ती में विफलता बड़ा अन्याय है। पहले तो भर्ती नहीं निकलती। भर्ती निकल जाए तो एग्जाम समय पर नहीं होते। एग्जाम हो तो पेपर लीक करवा दिए जाते हैं। और जब युवा न्याय मांगते हैं तब उनकी आवाज़ को बेरहमी से कुचला जाता है। हाल ही में UP और बिहार की घटनाओं के बाद अब मध्यप्रदेश में MPPSC में हुई गड़बड़ी का विरोध कर रहे दो छात्रों को जेल में डाल दिया गया है। वो भी तब जब मुख्यमंत्री ने ख़ुद छात्रों से मुलाक़ात कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था।'

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि BJP की सरकार ने छात्रों के भरोसे को तोड़ा है और लोकतांत्रिक प्रणाली का गला घोंटा है। छात्रों के अधिकार की लड़ाई में हम उनके साथ हैं। भाजपा को देश के युवाओं के हक़ की आवाज़ किसी क़ीमत पर दबाने नहीं देंगे।

बता दें कि 1 जनवरी को इंदौर पुलिस ने National Educated Youth Union (NEYU) से जुड़े दो छात्र नेताओं राधे जाट और रंजीत किसानवंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद MPPSC के छात्र भड़क उठे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, अरुण यादव, विक्रांत भूरिया सहित कई कांग्रेस नेताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए दोनों की तत्काल रिहाई की मांग की है।

यह भी पढे़ं:  सावरकर नहीं, मनमोहन सिंह के नाम पर हो कॉलेज, DU कॉलेज का शिलान्यास से पहले नामकरण पर विवाद

इससे पहले मध्य प्रदेश के इंदौर में MPPSC के स्टूडेंट्स द्वारा अपनी मांगों को लेकर शहर में कई दिनों तक प्रदर्शन किया गया। सीएम मोहन यादव के आश्वासन के बाद छात्र धरने से उठे। लेकिन अब वादा पूरा करने की बजाए सरकार बदला पूरी करती नजर आ रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले छात्र नेताओं राधे जाट व रंजीत किसानवंशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि वे बिना अनुमति धरना प्रदर्शन करने की योजना बना रहे थे।

छात्रों की मांग
1) 2019 से मुख्य परीक्षा की कॉपियां दिखाई जाए एवं मार्कशीट जारी की जाए।
2) Mppsc 2025 में राज्य सेवा में 700 और वन सेवा में 100 पदों के साथ नोटिफिकेशन जारी हो।
3) 87/13 फॉर्मूला खत्म करके सभी परिणाम 100 प्रतिशत पर जारी किए जाए।
4) सहायक प्राध्यापक 2022 सभी विषयों के साक्षात्कार तीन माह के अंदर आयोजित हों एवं अंतिम चयन
5) राजस्थान लोक सेवा आयोग की तरह ही सहायक प्राध्यापक परीक्षा में NET व SET की पात्रता फॉर्म भरते समय न मांग कर साक्षात्कार के समय मांगा जाए।
6) सहायक संचालक कृषि एवं विस्तार ADA का विज्ञापन 100 पद के साथ विज्ञापन जारी किया जाए।
7) सहायक यंत्री सिविल के 450 पदों पर विज्ञापन जारी किया जाए।
8) ITI प्रिंसिपल के साक्षात्कार एक साल से लंबित है जल्द आयोजित कराए जाएं।
9) Mppsc की भर्ती प्रक्रिया में नए सुधार जैसे
* प्रारंभिक परीक्षा में UPSC की तरह एक भी प्रश्न गलत न बनाया जाए।
* CGPSC की तरह मुख्य परीक्षा की कॉपी जांची जायें।
* इंटरव्यू के मार्क्स कम करके बिना कैटेगरी और सरनेम के वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ इंटरव्यू आयोजित हो। प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए।
10) लिखित परीक्षा एक ही दिन रखी जाए व Normalisation की प्रक्रिया तत्काल समाप्त की जाए।