देश से नफरत मिटाने की जरूरत, इससे काफी नुकसान हो रहा है: लाल किला से राहुल गांधी का संबोधन

राहुल गांधी ने कहा कि मैने राजस्थान में कहा था नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने निकला हूं, आप लोगों ने हजारों मोहब्बत की दुकानें खोल दी है।

Updated: Dec 25, 2022, 04:01 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को लाल किले पर पहुंची। ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से राहुल गांधी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा श्रीनगर तक जाएगी। राहुल ने कहा कि देश से नफरत मिटाने की जरूरत है। इससे देश को काफी नुकसान हो रहा है। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अभिनेता कमल हासन भी मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने कहा कि, 'पीएम मोदी और बीजेपी ने हजारों करोड़ रुपए खर्च कर दिए मेरी छवि खराब करने में। लेकिन मैंने एक शब्द नहीं बोला। ना सफाई दी। एकदम चुप रहा। मैंने सोचा कि चलो देखता हूं कि कितना दम है। वॉटसएप, फेसबुक पर चलाया। पूरे देश में मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार किया। अब एक महीने में मैंने सच्चाई दिखा दी। पूरा का पूरा खत्म। सच्चाई को छिपाया नहीं जा सकता है। कहीं ना कहीं से सच्चाई बाहर आ जाती है। नफरत और डर से प्यारे देश को नुकसान हो रहा है। ये सच्चाई है। इसलिए हमने ये यात्रा कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक की है। तिरंगा को हम अब श्रीनगर में लहराएंगे।'

राहुल ने कहा कि प्रेस वालों ने मुझसे पूछा कि आपको ठंड नहीं लगती है। मैंने कहा कि ये हिंदुस्तान के किसान, मजदूर और गरीबों से क्यों नहीं पूछते। मैंने 2800 किमी चल लिया... ये कोई बड़ी बात नहीं है। ये बड़ा काम नहीं किया। पूरा हिंदुस्तान चलता है। किसान, मजदूर पूरी जिंदगी में 10 हजार किमी तक चल लेता है।

मीडिया पर साधा निशाना 

राहुल गांधी ने देश की मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि, ' ये जो मीडिया है... ये भी सिर्फ नफरत फ़ैलाने में जुटी रहती है। 24 घंटे सिर्फ "हिंदू-मुस्लिम" "हिंदू-मुस्लिम" करती है। लेकिन ये सच्चाई नहीं है। मै चला हूं कन्याकुमारी से यहां तक यह सच्चाई नहीं है। ये सिर्फ मीडिया में चलाया जाता है, फैलाया जाता है। हमारा देश एक है, सब एक दूसरे से मोहब्बत करते हैं।'

राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा का लक्ष्य भारत को जोड़ने का है। जब हमने कन्याकुमारी में इस यात्रा को शुरू किया, तब मेरे मन में कई तरह के विचार आ रहे थे, लेकिन जब मैंने चलना शुरू किया तो सच्चाई बिल्कुल अलग थी। चीन मुद्दे पर बोलते राहुल गांधी ने कहा कि चीन ने दो हजार वर्ग किलोमीटर जमीन हड़पी है। इस पर केंद्र की मोदी सरकार बात क्यों नहीं करती है। उन्होंने कहा कि एक ऐसा दिन आए, जब शंघाई में कोई नए जूते खरीदे तो उस लिखा हो मेड इन इंडिया।