मेधा पाटकर के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने पर बिफरे पीएम मोदी, गुजरात में रैली के दौरान साधा निशाना

पीएम मोदी ने गुजरात के धोराजी में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस के नेता, एक ऐसी महिला के साथ पदयात्रा कर रहे हैं, जिसके कारण तीन दशकों तक नर्मदा बांध परियोजना ठप रही।'

Updated: Nov 20, 2022, 11:12 AM IST

अहमदाबाद। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर के शामिल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झुंझलाहट सामने आई है। गुजरात के धोराजी में रविवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस के नेता, एक ऐसी महिला के साथ पदयात्रा कर रहे हैं, जिसके कारण तीन दशकों तक नर्मदा बांध परियोजना ठप रही।'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, 'जब वोट मांगने के लिए कांग्रेस के नेता आएं तो उनसे पूछिए कि जो लोग नर्मदा बांध के खिलाफ थे, उनके कंधों पर हाथ रखकर आप पदयात्रा निकाल रहे हैं। नर्मदा बांध न बनाया होता तो क्या होता? कच्छ के लोगों को इसी से पानी मिलता है। इस महिला ने गुजरात को देश-विदेश में बदनाम किया।' 

बता दें कि इससे पहले गुजरात के वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह भी गुजरात चुनाव के दौरान मेधा पाटकर के बारे में बोल चुके हैं। लेकिन जब मेधा पाटकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं तो अब पीएम मोदी की भी झुंझलाहट सामने आ गई।

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने भारत जोड़ो यात्रा में मेधा पाटकर के साथ चलने पर आपत्ति जताते हुए ट्वीट किया, 'कांग्रेस और राहुल गांधी ने बार-बार गुजरात और गुजरातियों के प्रति अपनी दुश्मनी दिखाई है। मेधा पाटकर को अपनी भारत जोड़ो यात्रा में केंद्रीय स्थान देकर राहुल गांधी ने दिखाया कि वे उन तत्वों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने दशकों तक गुजरातियों को पानी से वंचित रखा। गुजरात इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।'