जंतर मंतर पहुंचीं प्रियंका गांधी, धरने पर बैठे पहलवानों से की मुलाकात
रेसलर बजरंग पूनिया ने शनिवार सुबह आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस परेशान कर रही है। रात में खाना खाते वक्त बिजली काट दी गई। पब्लिक टॉयलेट को भी पुलिस ने दूसरी जगह भिजवा दिया।

नई दिल्ली। सात महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण का आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के विरुद्ध जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। शनिवार को इस प्रदर्शन का 7वां दिन है। धरने पर बैठे पहलवान कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। शनिवार सुबह धरनास्थल पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी पहुंचीं।
प्रियंका गांधी ने प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और इस लड़ाई में साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता जताई। प्रियंका गांधी काफी देर तह धरना स्थल पर रुकीं। प्रियंका गांधी ने विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया से काफी देर तक अकेले में बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा भी नजर आए और उन्होंने भी खिलाड़ियों से बातचीत की।
बता दें कि प्रियंका गांधी पहलवानों के समर्थन में लगातार मुखर हैं। इससे पहले 26 अप्रैल को प्रियंका गांधी ने धरना दे रहे पहलवानों के समर्थन में ट्वीट कर कहा था कि, “खिलाड़ी देश का मान होते हैं। देश उन पर गर्व क्यों करता है? क्योंकि तमाम मुश्किलों के बावजूद अथक मेहनत और बहुत कुछ सहकर जब वे पदक जीतते हैं, तो उनकी जीत में हमारी जीत होती है, देश मुस्कुरा उठता है। महिला खिलाड़ियों की जीत बाकियों से बड़ी होती है। वे देश की संसद के बगल की सड़क पर आंखों में आंसू लिए बैठी हैं। लंबे समय से चल रहे शोषण के खिलाफ उनकी शिकायत कोई सुन नहीं रहा। मजबूत बाजुओं मगर भोले दिल की इन लड़कियों ने यकीन किया जब इनसे सरकार ने कहा कि जांच होगी। मगर जांच नहीं हुई। सजा का प्रश्न ही नहीं उठा। क्या सरकार दोषियों को बचाना चाहती है।"
खिलाड़ी देश का मान होते हैं। देश उन पर गर्व क्यों करता है? क्योंकि तमाम मुश्किलों के बावजूद अथक मेहनत और बहुत कुछ सहकर जब वे पदक जीतते हैं, तो उनकी जीत में हमारी जीत होती है, देश मुस्कुरा उठता है।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) April 26, 2023
महिला खिलाड़ियों की जीत बाकियों से बड़ी होती है। वे देश की संसद के बगल की सड़क पर…
बहरहाल, सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार को भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में दो प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस ने एक नाबालिग रेसलर से यौन शोषण के मामले में बृजभूषण पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरी FIR अन्य 6 महिला रेसलर्स के यौन शोषण के आरोप में दर्ज हुई है। FIR दर्ज होने के बाद बृजभूषण शरण ने शुक्रवार देर रात कहा, 'अगर धरना दे रहे पहलवान इस्तीफे से मानेंगे, तो मैं दे दूंगा। मगर, अपराधी बनकर नहीं दूंगा।'
रेसलर बजरंग पूनिया ने शनिवार सुबह आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस परेशान कर रही है। रात में खाना खाते वक्त बिजली काट दी गई। पब्लिक टॉयलेट को भी पुलिस ने दूसरी जगह भिजवा दिया। जब बजरंग ने इस बारे में ACP को कॉल की तो उन्होंने कहा कि जो करना है कर लो, अब तो ऐसा ही होगा। मौके से मीडियाकर्मियों को भी निकाल दिया गया। धरनास्थल पर खिलाड़ी और कुछ समर्थक ही रह गए। जो अंधेरे में बिना बिजली के रात काटने को मजबूर थे।