RSS का इरादा राज्यों की संस्कृति को खत्म करना, देश इसे स्वीकार नहीं करेगा: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा देशभर में RSS का एजेंडा चलाना चाहती है। वे एक विचार, एक इतिहास और एक भाषा थोपना चाहते हैं।

Updated: Feb 06, 2025, 06:08 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के नए मसौदा नियमों का विरोध किया। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा देशभर में RSS का एजेंडा चलाना चाहती है। वे एक विचार, एक इतिहास और एक भाषा थोपना चाहते हैं।

दरअसल, DMK ने दिल्ली के जंतर मंतर पर UGC के नए नियमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसमें प्रदर्शन में राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। कांग्रेस ने UGC के नए नियमों को तानाशाही और संविधान विरोधी बताया और इन्हें तुरंत वापस लेने की मांग की है।

राहुल ने कहा कि RSS का मकसद देश की अलग-अलग संस्कृतियों और इतिहासों को खत्म करना है। वे संविधान पर हमला करके अपने विचार को थोपना चाहते हैं।' राहुल गांधी ने आगे कहा, 'हर राज्य की अपनी भाषा, संस्कृति और इतिहास है। इन्हीं से मिलकर भारत बना है। तमिल लोगों का अपना इतिहास और परंपरा है। ऐसे नियम लाना तमिल समेत हर राज्य का अपमान है, जहां आरएसएस अपनी हुकूमत चलाना चाहता है।'

वहीं, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि RSS और भाजपा राज्य सरकारों की ताकत छीनना चाहते हैं। वे राजनेताओं को उद्योगपतियों का सेवक बनाना चाहते हैं। मैं नई शिक्षा नीति का विरोध करता हूं। इस दौरान कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि संविधान का संघवाद का सिद्धांत पवित्र है और शिक्षा की क्वालिटी को बेहतर बनाना केंद्र के शिक्षा मंत्रालय का मकसद होना चाहिए, लेकिन वे अपने विचार देश में थोपना चाहते हैं।