बिहार में सम्राट कैबिनेट का हुआ विस्तार, नीतीश के बेटे निशांत कुमार ने ली मंत्रीपद की शपथ

नई कैबिनेट में बीजेपी से 15, जेडीयू से 13, LJP(R)-2, HAM और RLM से एक-एक मंत्री हैं। शपथग्रहण समारोह में PM मोदी भी शामिल हुए हैं।

Updated: May 07, 2026, 02:34 PM IST

पटना। बिहार के नए-नवेले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी मंत्री बन गए हैं। उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शपथ ली।

दरअसल, पिछले महीने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद भाजपा के नेतृत्व में बिहार में पहली बार सरकार बनी और सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ जदयू के बिजेन्द्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी उप मुख्यमंत्री बने थे। इसके 22 दिन बाद गुरुवार को कैबिनेट का विस्तार हुआ।

नीतीश के बेटे निशांत कुमार समेत 32 मंत्री सम्राट कैबिनेट में शामिल हुए हैं। नई कैबिनेट में बीजेपी से 15, जेडीयू से 13, LJP(R)-2, HAM और RLM से एक-एक मंत्री हैं। 25 मिनट चले इस कार्यक्रम में एक साथ 5-5 विधायकों ने शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल, श्रवण कुमार, निशान्त कुमार और लेसी सिंह को सबसे पहले मंत्री पद की शपथ दिलाई। 

शपथग्रहण समारोह में PM मोदी भी शामिल हुए हैं। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को अपने पास बुलाया। मंच पर उनसे हाथ मिलाया, इस दौरान नीतीश कुमार ने पीएम का कंधा पकड़कर हिलाते दिखे। वहीं, दो बार बिहार के स्वास्थ्य मंत्री रहे मंगल पांडेय इस बार कैबिनेट में जगह नहीं मिली है, खबर है कि पार्टी में उन्हें बड़ी जगह दी जाएगी।