विदेशों में भी भारत जोड़ो यात्रा का डंका, कांग्रेस को मिला हॉलीवुड अभिनेता जॉन क्यूसैक का समर्थन
बॉलीवुड के बाद अब हॉलीवुड से भी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को समर्थन मिला है, दिग्गज एक्टर जॉन क्यूसैक ने यात्रा का समर्थन करते हुए कहा कि हर जगह फासीवादियों के खिलाफ एकजुटता

नई दिल्ली। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज 18वां दिन है। देशभर में इस यात्रा की चर्चाएं हो रही हैं। बॉलीवुड हस्तियों से लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं का इस यात्रा को समर्थन प्राप्त है। इतना ही नहीं अब विदेशों में भी इस यात्रा का डंका बजने लगा है। हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जॉन क्यूसैक ने अब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को अपना समर्थन दिया है।
जॉन क्यूसैक ने ट्वीट किया, 'भारतीय संसद के सदस्य राहुल गांधी केरल से कश्मीर की यात्रा कर रहे हैं।' एक ट्विटर यूजर ने राहुल गांधी के इस अभियान का समर्थन करने के लिए जब उन्हें धन्यवाद दिया तो अभिनेता ने कहा, 'हां हर जगह सभी फासीवाद विरोधियों को मेरा समर्थन है।' जॉन क्यूसैक ऐतिहासिक किसान आंदोलन का भी समर्थन कर चुके हैं।
Indian parliament member Rahul Gandhi is walking to Kashmir - from Kerala -
— John Cusack (@johncusack) September 23, 2022
जॉन क्यूसैक एक प्रसिद्ध अभिनेता हैं। उन्हें 'सेरेन्डिपिटी', 'कॉन एयर', '2012' और 'हाई फिडेलिटी' जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। वह सोशल मीडिया के माध्यम से वैश्विक मुद्दों पर काफी मुखर होने के लिए भी जाने जाते हैं।
I’m anti fascist - everywhere
— John Cusack (@johncusack) September 24, 2022
I play no favorites - solidarity https://t.co/aQnnnXvNNt
भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल केरल राज्य में है। 30 सितंबर को यह यात्रा कर्नाटक पहुंचेगी। दक्षिण भारत में इस यात्रा को भरपूर प्यार और नागरिक समूहों का समर्थन मिल रहा है। जैसे-जैसे यह पदयात्रा आगे बढ़ रही है, हजारों की संख्या में लोग इससे जुड़ते जा रहे हैं। बच्चे, बूढ़े, नौजवान सभी में इस यात्रा को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा ने सत्ताधारी दल की चिंताएं बढ़ा दी है। सियासी पंडित इस यात्रा को भारतीय राजनीति में टर्निंग प्वाइंट की तरह देखा जा रहे हैं।