मणिपुर में हिंसा जारी, भीड़ ने महिलाओं के साथ दरिंदगी के मुख्य आरोपी का घर फूंका

मणिपुर में महिलाओं के साथ दरिंदगी करने वाले एक मुख्य आरोपी का घर भीड़ ने फूंक दिया हैं। घटना चेकमाई इलाके की है। यहां अचानक से आई भीड़ ने आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया।

Updated: Jul 21, 2023, 12:30 PM IST

इंफाल। पूर्ववर्ती राज्य मणिपुर पिछले ढाई महीने से हिंसा की आग में झुलस रहा है। राज्य में हिंसा रोकने की तमाम कोशिशें नाकामयाब साबित हो रही है। मणिपुर में महिलाओं के साथ यौन हिंसा का वीडियो सामने आने के बाद देशभर में उबाल है। इसी बीच खबर आई है की भीड़ ने इस शर्मनाक घटना के आरोपी का घर फूंक डाला।

घटना चेकमाई इलाके की है। यहां अचानक से आई भीड़ ने आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि महिलाओं से सार्वजनिक बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी के घर को उसी के गांव वालों ने आग के हवाले कर दिया है। खास बात ये है कि महिलाओं के साथ बर्बरता करने वाले भी मैतई समुदाय के लोग हैं और उसके घर को आग लगाने वाले भी उसी मैतई समुदाय के लोग हैं। 

बता दें कि मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सरेआम उनके साथ दरिंदगी की गई थी। इस घटना में पुलिस ने 4 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से मुख्य आरोपी हुउरेम हेरोदास भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। जब हेरोदास के घर के आस-पड़ोस में रहने वालों को इसकी सूचना मिली तो वो उसके घर को जलाने के लिए पहुंच गए।

आरोपी का घर नोंगपोक सेकमाई पुलिस स्टेशन के अधीन आने वाले इलाके में है, जहां गुरुवार की शाम को उसके पड़ोसियों की भीड़ इकट्ठा हो गई और उसके घर में आग लगा दी। दो दिन पहले वायरल हुए वीडियो में हेरोदास दो महिलाओं के साथ हैवानियत करते हुए दिखाई दिया था। अब उसके घर को आग के हवाले करने वालों में भी ज्यादातर महिलाएं ही हैं। उन महिलाओं का कहना है कि भले ही वो मेतई समुदाय से हों, लेकिन इस तरह की हैवानियत का हरगिज भी समर्थन नहीं करती हैं।