डॉक्टरेट की उपाधि से नवाजे जाएंगे क्रिकेटर रोहित शर्मा, डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी का बड़ा ऐलान

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा को अजिंक्य डी वाई पाटिल यूनिवर्सिटी, पुणे अपने 10वें दीक्षांत समारोह में मानद डॉक्टरेट (D.Litt.) से सम्मानित करेगी।

Updated: Jan 23, 2026, 05:41 PM IST

पुणे। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को एक बड़ी अकादमिक उपलब्धि मिलने जा रही है। पुणे की अजिंक्य डी वाई पाटिल यूनिवर्सिटी अपने 10वें दीक्षांत समारोह के दौरान रोहित शर्मा को मानद डॉक्टर ऑफ लिटरेचर की उपाधि से सम्मानित करेगी। यह समारोह शनिवार 24 जनवरी को पुणे में आयोजित होगा जिसमें रोहित शर्मा मुख्य आकर्षण होंगे।

यूनिवर्सिटी की ओर से बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह सम्मान रोहित शर्मा को भारतीय और विश्व क्रिकेट में उनके योगदान, प्रेरणादायक नेतृत्व और खेल के माध्यम से समाज पर पड़े व्यापक प्रभाव के लिए दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने इसे खेल और शिक्षा के बीच बढ़ते जुड़ाव का एक अहम उदाहरण बताया है।

क्रिकेट जगत में हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने अपने करियर में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सीमित ओवरों के क्रिकेट में रिकॉर्डतोड़ शतक, दबाव में शांत कप्तानी और लगातार उच्च स्तर का प्रदर्शन उनकी पहचान रही है। विश्वविद्यालय का कहना है कि रोहित सिर्फ एक सफल खिलाड़ी ही नहीं बल्कि अनुशासन, धैर्य, रणनीति और मानसिक मजबूती जैसे मूल्यों के प्रतीक हैं जो युवा खिलाड़ियों और छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

अजिंक्य डी वाई पाटिल यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट और चांसलर डॉ. अजिंक्य डी वाई पाटिल की अध्यक्षता में होने वाले इस दीक्षांत समारोह को भव्य और स्टार-स्टडेड इवेंट के रूप में आयोजित किया जा रहा है। यूनिवर्सिटी ने अपने बयान में कहा, “क्रिकेट फैन्स उन्हें हिटमैन के नाम से जानते हैं लेकिन यह दीक्षांत समारोह रोहित शर्मा के जीवन का एक अलग और खास पड़ाव है।”

डॉक्टर ऑफ लिटरेचर आमतौर पर उन लोगों को दी जाती है जिन्होंने समाज, संस्कृति या अपने क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया हो। रोहित शर्मा को यह सम्मान देकर यूनिवर्सिटी न सिर्फ खेल उपलब्धियों को बल्कि खेल के जरिए नेतृत्व, राष्ट्रीय गौरव और युवाओं को प्रेरित करने के लिए भी सम्मानित कर रही है।

गौरतलब है कि 38 वर्षीय रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं लेकिन वह अब भी वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम है हिस्सा हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

रोहित शर्मा ने भारत के लिए अब तक कुल 508 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 42.33 की औसत और 87.34 के स्ट्राइक रेट से 20,109 रन बनाए हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 264 रन रहा है। उनके बल्ले से 50 शतक और 111 अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने अपने करियर में 650 छक्के और 1,946 चौके जड़े हैं।