फिलीपींस में भूकंप से भारी तबाही, कई इमारतें जमींदोज, 60 से अधिक लोगों की हुई मौत
फिलीपींस के सेबू प्रांत में मंगलवार रात 6.9 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही मची। अब तक 60 से ज्यादा लोगों की मौत और दर्जनों घायल होने की पुष्टि हुई है। जबकि, दर्जनों लोग घटना में घायल हुए हैं।

फिलीपींस। फिलीपींस के सेबू प्रांत में मंगलवार रात 6.9 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई। स्थानीय समयानुसार रात 9:59 बजे आए इस भूकंप के जोरदार झटकों ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। इस जोरदार भूकंप का केंद्र सेबू प्रांत के बोगो शहर से लगभग 19 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में पांच किलोमीटर की गहराई पर था।
भूकंप से सबसे अधिक नुकसान सेबू सिटी और आसपास के इलाकों में हुआ। इस हादसे में अब तक 60 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं और जिनका इलाज जारी है। शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया कि सिर्फ बोगो शहर में 13 लोगों की जान गई। जबकि सैन रेमिगियो क्षेत्र में चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें:दतिया में आकाशीय बिजली का कहर, 1 महिला समेत दर्जनों बकरियों की मौत, एक किसान घायल
जोरदार झटकों से कई इमारतें और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सेबू का एक ऐतिहासिक पत्थर का गिरजाघर पूरी तरह ढह गया। कई गांवों की सड़कों में दरारें पड़ गईं और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। सेबू के मेडेलिन नगरपालिका ने जानकारी दी है कि भूकंप से दो पुलों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। हजारों लोग अब भी अपने घरों से बाहर खुले में रहने को मजबूर हैं।
फिलीपींस ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले समय में आफ्टरशॉक्स की संभावना बनी रहेगी। एजेंसी ने समुद्री स्तर और धाराओं में असामान्य बदलाव की आशंका जताई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बड़ी संख्या में घायलों को सेबू प्रांतीय अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया हैं। ज्यादा तादाद में मरीजों के होने से चिकित्सा कर्मचारियों पर दबाव काफी बढ़ गया है। आपातकालीन सेवाएं लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
भारत ने इस त्रासदी पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। मनीला स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट कर कहा कि भारत की प्रार्थनाएं और संवेदनाएं फिलीपींस सरकार और वहां की जनता के साथ हैं। दूतावास ने मृतकों के परिजनों और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति प्रकट की। फिलीपींस दुनिया के उन देशों में शामिल है जो प्राकृतिक आपदाओं की चपेट में सबसे ज्यादा रहते हैं। प्रशांत महासागर के "रिंग ऑफ फायर" में होने की वजह से यहां भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट एक आम बात है। साथ ही हर साल यह देश कई बार तूफान और चक्रवात की मार भी झेलता है।